भोजपुरी सितारों अपनी फिल्मों के साथ साथ निजी जिंदगी को लेकर भी काफी चर्चा में रहते हैं। अपने पसंदीदा भोजपुरी सितारों से जुड़ी बातें जानने के लिए फैंस भी काफी उत्साहित रहते हैं। यह साल अब जल्द ही खत्म होने वाला है, वहीं नए साल की दस्तक होगी। इस साल भोजपुरी सितारों ने फैंस के दिलों में नई जगह बनाई। इसके साथ ही वे कई कारणों से इस साल चर्चा में बने रहे। किसी सितारों की दुश्मनी दोस्ती में बदल गई तो किसी को जेल या कोर्ट के चक्कर तक काटने पड़े। चलिए जानते हैं उन भोजपुरी सितारों के बारे में, जिन्होंने अलग अलग वजहों से इस साल सुर्खियां बटोरीं।
Year Ender 2023: कोई दुश्मन से बना दोस्त तो किसी ने जेल में काटी रातें, इस साल चर्चा में रहे ये भोजपुरी सितारे
पवन सिंह
पवन सिंह अक्सर फैंस के बीच चर्चा में बने रहते हैं। अपने गानों और फिल्मों से वे धमाल मचाते हैं। उनके धमाकेदार गानों ने इस साल भी सोशल मीडिया पर धूम मचा दिया। हालांकि, जिस खास वजह से वे चर्चा में रहे, उसकी वजह बनीं उनकी पत्नी। दरअसल, पवन सिंह पर उनकी पत्नी ने कई गंभीर आरोप लगाए और कोर्ट में तलाक की याचिका दायर की। पवन सिंह और ज्योति सिंह के तलाक को लेकर कोर्ट में सुनवाई जारी है। पत्नी से तलाक लेने के कारण पवन को कई बार कोर्ट के चक्कर काटने पड़े।
काजल राघवानी
भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी दो कारणों से इस साल चर्चा में बनी रहीं। दरअसल, इस साल काजल की जिंदगी में प्यार ने दस्तक दी। भोजपुरी सुपरस्टार प्रदीप पांडे चिंटू के साथ काजल के अफेयर के चर्चे हुए। कई इवेंट पर दोनों को एक साथ देखा गया और दोनों एक दूसरे की पोस्ट को लाइक और कमेंट करते भी दिखे। वहीं भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव के साथ भी काजल का विवाद दूर हो गया। इस साल काजल और खेसारी को एक अवॉर्ड शो के दौरान साथ देखा गया। वहीं काजल ने खेसारी को जन्मदिन की बधाई भी दी थी।
समर सिंह
भोजपुरी अभिनेता समर सिंह इस साल काफी चर्चा में रहे, लेकिन यह उनके करियर के लिए अच्छा नहीं रहा या यूं कहा जाए कि समर के लिए यह साल अच्छा नहीं बीता। दरअसल, भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे सुसाइड केस में पुलिस ने उनके कथित बॉयफ्रेंड यानी समर सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि, जमानत पर वे बाहर आ गए। समर और आकांक्षा काफी समय से एक दूसरे को डेट कर रहे थे।
खेसारी लाल यादव-पवन सिंह
खेसारी लाल यादव और पवन सिंह फिल्मों और गानों की वजह से तो चर्चा में रहते ही हैं, वहीं वे अपनी लड़ाई के चलते भी सुर्खियों में बने रहते हैं। उनके फैंस के बीच भी जंग देखने को मिलती है और कई मुद्दों पर ऑनलाइन दोनों सितारों के बीच भी जुबानी जंग देखी जाती है। हालांकि, इस साल दोनों के बीच के मतभेद और विवाद भी दूर हो गए। दरअसल, एक अवॉर्ड शो के दौरान रवि किशन ने दोनों सितारों को स्टेज पर साथ बुलाकर गिले शिकवे दूर करवाए और उन्हें गले मिलने के लिए कहा। खेसारी और पवन ने एक दूसरे को गले लगाकर विवाद को दूर किया।