किसी भी परीक्षा में कामयाबी इस बात पर निर्भर करती है कि आपने परीक्षा की तैयारी कैसे की है। अगर हम खासकर कॉम्पिटिशन एग्जाम की बात करें तो इसमें सफलता का एक ही मूल मंत्र है, और वो है निरंतरता। ज्यादातर छात्र जो 12वीं या ग्रेजुएशन के बाद किसी एग्जाम की तैयारी कर रहे होते है उनका कोई निर्धारित टाइम टेबल नहीं होता।जबकि बचपन से 12वीं या ग्रेजुएशन तक स्कूल या कॉलेज के चलते हमारा एक निर्धारित टाइम टेबल तय होता है।
इस वजह से हमारे दिमाग को एक निर्धारित तरीके से काम करने की आदत हो जाती है। इसी वजह से छात्र निरंतरता से तैयारी नहीं कर पाते, जिसके चलते उनका मन पढ़ाई में नहीं लगता। अगर आपकों भी ऐसी समस्या है और आपका मन भी पढ़ाई में नहीं लग रहा हैं, तो हम आपके लिए लेकर आएं है कुछ ऐसे टिप्स, जिससे आप बिना किसी परेशानी के पढ़ाई कर पाएंगे।
सही जगह का चुनाव करें : आस-पास के वातावरण का पढ़ाई पर बहुत असर पड़ता है। आप ऐसी जगह का चुनाव करें जहां शांति रहे, जहां ना अधिक गर्मी हो और ना अधिक सर्दी। बैठने के लिए सही टेबल-चेयर हो, किताबें व्यवस्थित तरीके से रखी हो। अगर बहुत देर तक सिटिंग करनी है तो कमरे के बाहर 'डू नॉट डिस्टर्ब' का बोर्ड भी लगा सकते हैं।
सही समय का चुनाव करें : आपके लिए अपने सही समय का चुनाव करना जरूरी है। इसके लिए आपको अपने शरीर को समझाना होगा की आपके लिए कौन सा समय पढ़ने के लिए सही है दिन या रात, उसी अनुरूप चार्ट बनाए और हमेशा उस चार्ट को फॉलो करने के लिए उत्साहित रहे। टाइम टेबल को कठिन नहीं बल्कि आसान बनाए जिससे आपको पढ़ाई उबाऊ नहीं लगेगी, बीच-बीच में ब्रेक लेना भी जरूरी है।
शुरुआत सबसे अधिक महत्वपूर्ण : दिमाग हमेशा आराम की ओर आकर्षित होता है। अगर आपको दिमाग पर काबू पाना है तो शुरुआत में पढ़ाई का समय कम रखो फिर धीरे-धीरे इस समय में बढ़ोत्तरी करो। इससे चाहे आपकी शुरूआत धीमी होगी पर बाद में आप इसे कवर कर सकते हैं। कई बार तो छात्रों के साथ ऐसा भी होता है कि वो ठीक से शुरूआत ही नहीं कर पाते हैं। इसके चलते वे अंत तक परेशान रहते हैं।
पर्याप्त नींद ले और तनाव से दूर रहे : अगर नींद पूरी नहीं हुई तो आपका किसी भी काम में मन नहीं लगेगा। अच्छी नींद से हॉर्मोन सही तरीके से रेगुलेट होते हैं जिससे दिमाग तेज होता है और शरीर को भी आराम मिलता है। अगर आप पर्याप्त नींद लेते हैं तो इससे आपको पढ़ा हुआ याद रखने में भी मदद मिलती है। 6 से 8 घंटे की नींद लेना बहुत जरूरी है। कोशिश करे की तैयारी के समय आप तनाव से दूर रहे और पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करे।
कमेंट
कमेंट X