Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त
Hindi News ›   Education ›   Success Stories ›   Lady Tarzan Chami Murmu profile Once ousted from home transformed forest conservation into people movement

रोशनी यहां है: चामी मुर्मू को कभी घर से निकाला गया, जंगलों की रक्षा को जनांदोलन बनाकर कहलाईं लेडी टार्जन

Mon, 16 Nov 2026 07:57 AM IST
ज्योति भास्कर अमर उजाला नेटवर्क।
अमर उजाला नेटवर्क। Published by: ज्योति भास्कर Updated Mon, 16 Nov 2026 07:57 AM IST
सार

कभी पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण दसवीं के बाद पढ़ाई छोड़ने और पेट पालने के लिए मजदूरी करने को मजबूर हुईं चामी मुर्मू आज पर्यावरण संरक्षण की एक जानी-मानी हस्ती हैं। वह झारखंड के जंगलों को हरा-भरा बनाने के साथ हजारों ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भरता की राह दिखा रही हैं।

विज्ञापन
Lady Tarzan Chami Murmu profile Once ousted from home transformed forest conservation into people movement
लेडी टार्जन चामी मुर्मू (फाइल) - फोटो : अमर उजाला प्रिंट-ग्राफिक्स

विस्तार

साल 1996। झारखंड का एक गांव और तपती दोपहर। उस दौर में इस इलाके के जंगलों पर लकड़ी माफियाओं और नक्सलियों का खौफ चरम पर था। इसी गांव में 24-25 वर्षीय एक युवती रहती थी, जिसके सिर पर घर की जिम्मेदारियों का बोझ और पैरों में समाज की रूढ़िवादी सोच की बेड़ियां थीं। एक दिन जब उसने लकड़ी माफियाओं को दिनदहाड़े जंगल काटते देखा, तो उसने गांव वालों को एकजुट करना चाहा। लेकिन, लोगों ने उसका मजाक उड़ाया और माफियाओं ने उसे जान से मारने की धमकी दी। न संसाधन थे और न ही किसी का साथ; उस युवती के पास थी, तो बस एक पुरानी साइकिल और अदम्य जिद। उसने अकेले ही मीलों दूर वन विभाग के दफ्तर जाने का फैसला किया, जिसका रास्ता घने और नक्सल प्रभावित जंगलों से होकर गुजरता था।

विज्ञापन


गांववालों ने मान लिया था कि वह अब वापस नहीं लौटेगी। रास्ते में हथियारबंद नक्सलियों के दस्तों से उसका सामना भी हुआ, लेकिन वह घबराई नहीं। वह वन विभाग पहुंची, अधिकारियों को मामले से अवगत कराया और अपने गांव वापस लौट आई। इसके बाद उसने ‘सहयोगी महिला बगरईसाई' संगठन की नींव रखी। परिणाम यह हुआ कि गांव में जो महिलाएं कभी घूंघट में रहती थीं, वे लाठी लेकर जंगल की पहरेदारी करने लगीं। अकेले दम पर डर और मुश्किलों का सामना करते हुए उम्मीद का पहला पौधा रोपने वाली, 30 लाख से अधिक पेड़ लगाकर बंजर जमीन को हरियाली में बदलने वाली और झारखंड की 'लेडी टार्जन' के नाम से मशहूर यह पद्मश्री विजेता महिला आज करोड़ों लोगों के लिए अदम्य साहस और पर्यावरण संरक्षण की मिसाल बन चुकी हैं। उनका नाम चामी मुर्मू है। उन्होंने अपने साहस के दम पर लाखों पौधे लगाकर हरियाली की मिसाल कायम की और हजारों ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया।

विज्ञापन

बचपन का संघर्ष और बड़े सपने

झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के भुरसा गांव में छह नवंबर, 1971 को जन्मी चामी मुर्मू का बचपन अभावों और संघर्षों के साये में बीता। परिवार की आजीविका खेती-बाड़ी और मजदूरी पर निर्भर थी। कम उम्र में ही पिता और बड़े भाई को खोने के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई। बीमार मां की देखभाल और छोटे भाई-बहनों के पालन-पोषण के लिए उन्हें ईंट-भट्ठों पर भी मजदूरी करनी पड़ी। हालात ऐसे बने कि दसवीं के बाद उनकी पढ़ाई छूट गई। मगर जीवन की इन मुश्किलों ने उनके हौसले को कमजोर नहीं किया। परिवार की जिम्मेदारियां निभाते हुए भी उनके मन में अपने साथ गांव की दूसरी महिलाओं की जिंदगी में भी बदलाव लाने का सपना पलता रहा।

विज्ञापन
विज्ञापन

 

एक बैठक ने बदल दी सोच

साल 1988 में चामी मुर्मू अपने गांव की 23 महिलाओं के साथ रोजगार पर आयोजित एक बैठक में शामिल हुईं। यहां उन्होंने जाना कि महिलाएं समूह बनाकर छोटे व्यवसाय शुरू कर सकती हैं। इससे प्रेरित होकर उन्होंने गांव लौटकर महिलाओं को संगठित करने का फैसला किया। इसी दौरान उन्होंने देखा कि पेड़ों की अंधाधुंध कटाई हो रही है और जमीन बंजर होती जा रही है। तब उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी काम करने का संकल्प लिया।

रोपे उम्मीद के पौधे

चामी मुर्मू ने पौधारोपण के जरिये पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीणों की जरूरतें पूरी करने का प्रयास किया। इस राह में उन्हें समाज के विरोध का सामना करना पड़ा और घर तक छोड़ना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। मजदूरी के साथ पौधारोपण जारी रखा और अन्य महिलाओं को भी जोड़ा। 10-11 महिलाओं से शुरू हुआ यह अभियान आगे चलकर 'सहयोगी महिला बगरईसाई' संगठन बना। उनके प्रयासों से 2,800 स्वयं सहायता समूह बने, जिनसे करीब 30 हजार महिलाएं जुड़ीं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनीं। इसके अलावा, उन्होंने जल संरक्षण के लिए भी काम किया, जिससे किसानों को सिंचाई में मदद मिली।

अवैध कटाई के खिलाफ छेड़ी मुहिम

चामी मुर्मू के नेतृत्व में 500 से अधिक गांवों में पौधारोपण अभियान चलाया गया, जिससे करीब 30 हजार ग्रामीण महिलाएं जुड़ीं। उनके प्रयासों से बंजर जमीन पर हरियाली बढ़ी और वन्यजीवों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हुआ। उन्होंने जंगलों को अवैध कटाई से बचाने का अभियान भी चलाया। कहीं पेड़ों की कटाई की खबर मिलते ही महिलाएं उसे रोकने के लिए एकजुट हो जाती थीं। पर्यावरण संरक्षण के इन्हीं प्रयासों ने उन्हें 'लेडी टार्जन' की पहचान दिलाई।

संघर्ष और समर्पण का सम्मान

2000 में चामी मुर्मू को इंदिरा प्रियदर्शिनी वृक्षमित्र पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके बाद 2019 में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए नारी शक्ति पुरस्कार प्रदान किया गया। 2024 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से नवाजा। आज चामी मुर्मू की पहचान केवल एक पर्यावरण कार्यकर्ता के रूप में नहीं, बल्कि उस बदलाव की अगुआ के तौर पर है, जिन्होंने महिलाओं को संगठित कर पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक आंदोलन का रूप दिया।

युवाओं के लिए सीख

  • कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहें।
  • अपनी सफलता के साथ दूसरों को भी आगे बढ़ाने का प्रयास करें।
  • बड़ी से बड़ी बाधा आने पर भी दोबारा शुरुआत करने का साहस रखें।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Education News in Hindi related to careers and job vacancy news, exam results, exams notifications in Hindi etc. Stay updated with us for all breaking news from Education and more Hindi News.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed