संभल कर रहें। मौसम विभाग ने चार जिलों में बारी बर्फबारी, ओलावृष्टि और बारिश की चेतावनी जारी की है। इससे ठंड में और इजाफा होगा।
प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में सोमवार सुबह से शाम तक कई दौर की बारिश हो सकती है। ऊंचाई वाले अधिकांश पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के अलावा कुछ इलाकों में ओले पड़ सकते हैं। वहीं रविवार देर रात से कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई।
मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने विंटर सीजन में अब तक रही बारिश की कमी दूर होने की संभावना जताई है। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में रविवार सुबह धूप खिली रही, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और बादल छा गए।
शाम करीब पांच बजे तेज हवाएं भी चलने लगीं, जिससे एकाएक ठंड बढ़ गई। इस दौरान राजधानी दून समेत अन्य क्षेत्रों में रविवार देर रात बूंदा-बांदी और बारिश शुरू हो गई।
इसके अलावा पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी हुई। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार सोमवार को लगभग पूरे दिन कई दौर में बारिश होगी। सुबह से दोपहर बाद तक बारिश होने की पूरी संभावना है। शाम व रात को रुक-रुक कर बारिश हो सकती है।