कुमाऊं में पिछले कई घंटे से मूसलाधार बारिश के कारण शनिवार को दिन भर जनजीवन अस्तव्यस्त रहा। पहाड़ों पर जगह-जगह भूस्खलन और मलबे से कई जगह मकान क्षतिग्रस्त हो गए तो कहीं सड़कों का नामोनिशान मिट गया। गरमपानी में बोल्डर की चपेट में आने से पर्यटक और पिथौरागढ़ जिले में मजदूर की जान चली गई। हल्द्वानी में गधेरे में बहने से होमगार्ड की मौत हो गई।
Uttarakhand Weather: बारिश से कुमाऊं तरबतर, पर्यटक और होमगार्ड सहित तीन की मौत, बाढ़ सा मंजर, देखें तस्वीरें
उधर, भौर्सा निवासी महेश चंद्र पलड़िया (36) पुत्र उमापति पलड़िया की शुक्रवार की शाम ड्यूटी से घर लौटते समय भौर्सा के पास जमरानी गधेरे में बहने से जान चली गई। उनका शव शनिवार सुबह गधेरे में पड़ा मिला। पिथौरागढ़ में नामिक-होकरा निर्माणाधीन सड़क पर पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से मजदूर दिनेश चंद्र पाठक (56) पुत्र नित्यानंद की मौत हो गई। बेड़ीनाग तहसील के मेरल संगौड़ पांखू निवासी दिनेश पत्थर की चपेट में आने से 100 मीटर खाई में गिर गया। एसडीआरएफ और नाचनी पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर उसे खाई से निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
बारिश के कारण अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग में पिथौरागढ़ की ओर मलबा आने से डेढ़ घंटे एनएच बंद रहा। टनकपुर चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्वांला के पास सड़क का 30 मीटर हिस्सा पूरी तरह बह गया। इस कारण लोहाघाट डिपो की रोडवेज की 13 बसें टनकपुर में फंसी रहीं। बागेश्वर-कपकोट मोटर मार्ग में कभड़ भ्योल के समीप पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा गिरा और कई घंटे यातायात ठप रहा। अल्मोड़ा और बागेश्वर में एक-एक आवासीय मकान ध्वस्त हो गया है। नैनीताल-हल्द्वानी रोड में ताकुला क्षेत्र में कई जगह सड़क में धंसाव होने लगा है। बारिश के बाद नैनीताल-भवाली रोड में कई जगह दरारें नजर आने लगी हैं।
पिथौरागढ़ 08
अल्मोड़ा 11
चंपावत 14
नैनीताल 13
कहां-कितनी बारिश (मिमी)
हल्द्वानी 103
अल्मोड़ा 52.2
नैनीताल 39
पिथौरागढ़ 24
बनबसा 137
बागेश्वर 27
चंपावत 70
मुक्तेश्वर 93.8
रुद्रपुर में बाढ़ सा मंजर, 200 से अधिक घरों में घुसा पानी
रुद्रपुर में लगातार बारिश से शनिवार को कल्याणी का जलस्तर अचानक बढ़ा तो नगर में बाढ़ जैसे हालात बन गए। नदी के किनारे स्थित 200 से अधिक मकानों में पानी घुस गया। लोग घबराकर मकानों की छतों पर चढ़ गए। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने कुछ लोगों को प्रभावित क्षेत्रों से बाहर निकाला। रुद्रपुर में शाम को कल्याणी नदी के पानी के घरों में घुसने से मुखर्जी नगर, जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप, भूत बंगला आदि क्षेत्रों में रह रहे लोगों में दहशत फैल गई। एडीएम ललित नारायण मिश्रा ने टीम के साथ जगतपुरा और भूतबंगला में जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।