उत्तराखंड के चमोली जिले में मंगलवार रात से शुरू हुई बारिश बुधवार को देर शाम तक होती रही। वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी रातभर रुक रुककर बर्फबारी होती रही। बदरीनाथ धाम में लगभग 3 इंच और हेमकुंड साहिब में 5 इंच ताजी बर्फ जम गई है। बर्फबारी से हेमकुंड साहिब के आस्था पथ पर बर्फ हटाने का काम फिर बंद हो गया है। वहीं केदारनाथ, मद्महेश्वर, तुंगनाथ, चंद्रशिला समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई।
यह भी पढ़ें... उत्तराखंड : बर्फ की सफेद चादर से ढकीं उत्तराखंड की वादियां, तस्वीरों में देखें अद्भुत नजारा
चमोली जिले में मंगलवार को देर रात से मौसम खराब हो गया था। रातभर निचले क्षेत्रों में बारिश होती रही, जो सुबह तक होती रही। बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब के साथ ही फूलों की घाटी, रुद्रनाथ, लाल माटी, औली, गोरसों बुग्याल सहित नीती और माणा घाटी में जमकर बर्फबारी हुई है।
यह भी पढ़ें... उत्तराखंड : मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच केदारनाथ और बदरीनाथ में हुई बर्फबारी
बदरीनाथ धाम में देवदर्शनी तक बर्फ जम गई है। बारिश और बर्फबारी होने से जिले में ठंड एक बार फिर लौट आई है। वहीं केदारनाथ, मद्महेश्वर, तुंगनाथ, चंद्रशिला समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई है। जबकि केदारघाटी और निचले क्षेत्रों में बारिश हुई।
2 of 6
बदरीनाथ में बर्फबारी
- फोटो : अमर उजाला
वहीं, बारिश से सूखने के कगार पर पहुंचे जलस्रोतों को नया जीवन मिलेगा। साथ ही काश्तकारों के चेहरे खिल उठे हैं। बारिश से जमीन को नमी मिल गई है, जिससे सब्जी व फलोत्पादन अच्छा होने की उम्मीद है। अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दिनभर में हल्की बर्फबारी होती रही, जिससे घाटी के गांवों में ठंड बढ़ गई है।
3 of 6
ओलावृष्टि
- फोटो : अमर उजाला
चमोली जिले में बुधवार को करीब आधा घंटे तक ओलावृष्टि हुई, जिससे फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। गोपेश्वर सहित मंडल घाटी, सोनला बछेर, घिंघराण, पीपलकोटी, पोखरी, नंदप्रयाग आदि क्षेत्रों में ओलावृष्टि से गेहूं की फसल के साथ ही बेल वाली सब्जियों को नुकसान पहुंचा है।
4 of 6
बदरीनाथ में बर्फबारी
- फोटो : अमर उजाला
नीती घाटी में भारी बर्फबारी के कारण टिम्मरसैंण स्थित बाबा बर्फानी की यात्रा रुक गई है। मलारी से आगे हाईवे पर बर्फ है। गमशाली, बांपा और नीती गांव भी बर्फ के आगोश में है, जिससे स्थानीय श्रद्धालु भी बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए नहीं जा पा रहे हैं।
5 of 6
बर्फबारी
- फोटो : अमर उजाला
गमशाली गांव में एसडीआरएफ के जवानों ने पैदल रास्ते से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है, लेकिन क्षेत्र में करीब एक फुट बर्फ जमी होने से अभी यात्रा शुरू होने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। बीते सात अप्रैल से बाबा बर्फानी की यात्रा शुरू हुई थी।