सलमान की ट्यूबलाइट के बाद अब इस पहाड़ी छोरे का गाना बरेली की बर्फी में भी धमाल मचा रहा है। स्वीटी तेरा ड्रामा गाना अब तक यू ट्यूब एक करोड़ से ज्यादा लोग देख चुके हैं।
सिंगर देव नेगी का ‘स्वीटी तेरा ड्रामा...’ गाना इन दिनों लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है। इसी हफ्ते रिलीज हुई फिल्म बरेली की बर्फी के टाइटल ट्रैक ‘स्वीटी तेरा ड्रामा...’ को सभी म्यूजिक चैनल ने चार्ट बस्टर की लिस्ट में स्थान दिया है। इस गाने को देव ने पावनी पंडित और श्रद्धा पंडित के साथ कोरस में गाया है। शब्बीर अहमद के लिखे गीत को संगीत तनिष्क बागची ने दिया है। फिल्म का यह गाना राजकुमार राव, आयुष्मान खुराना और कीर्ति सनन पर फिल्माया गया है।
मूलरूप से द्वाराहाट के चित्रेश्वर गांव के निवासी देव नेगी को फिल्म बद्री की दुल्हनिया के टाइटल ट्रैक से नाम और पहचान दोनों ही मिली। इस गाने को यू-ट्यूब पर ही 26 करोड़ से अधिक लोगों ने देखा है। इसी साल ईद पर रिलीज हुई ट्यूबलाइट फिल्म भले ही सल्लू के स्टारडम के बावजूद नहीं चली, लेकिन इस फिल्म का गाना ‘नाच मेरी जान...’ हर किसी की जुबान पर अब तक छाया हुआ है।
‘छम्मा देई छम्मा देई...’ बोल के जरिए इस गीत में जो कुमाऊंनी महक है उसे देव के कहने पर ही संगीतकार प्रीतम ने लिया था। अब हालिया रिलीज फिल्म बरेली की बर्फी में देव का गाया टाइटल ट्रैक ‘स्वीटी तेरा ड्रामा...’ म्यूजिक चार्ट में टॉप टेन में है। गाने को यू-ट्यूब पर एक करोड़ से अधिक लोग देख चुके हैं।
बरेली की बर्फी फिल्म में बिट्टी (कीर्ति सनन) की दोस्त रमा की भूमिका में देहरादून की स्वाति सेमवाल हैं। रमा इसमें एक बुटीक चलाती हैं और यहीं पर बैठकर बिट्टी और रमा अंग्रेजी फिल्में देखते हैं। स्वाति ने बताया कि वह इंडस्ट्री में 2009 से सक्रिय हैं। उन्होंने सबसे पहले पैराशूट हेयर ऑयल का ऐड किया था। वह अब तक 200 से अधिक एड कर चुकी हैं, इनमें बैंक ऑफ इंडिया, ओप्पो मोबाइल, कोलगेट आदि शामिल हैं।