बदरीनाथ के दर्शन कर लौट रहे यूपी के तीर्थयात्रियों की बोलेरो पिकअप हादसे का शिकार हो गई। इस दौरान सात तीर्थयात्री बुरी तरह से घायल हो गए।
हादसा बुधवार देर शाम को हनुमान चट्टी के पास हुआ। बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर करीब दस मीटर नीचे एक छानी (अस्थाई मकान) के ऊपर जा गिरा। वाहन में एक ही परिवार के 13 बच्चों समेत 28 तीर्थयात्री सवार थे। जिनमें से सात यात्री घायल हो गए हैं। जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ में भर्ती कराया गया है। तीर्थयात्री उत्तरप्रदेश के मोदी नगर के हैं।
बदरीनाथ पुलिस ने ओवर लोडिंग और लापरवाही से वाहन चलाने पर चालक हरिओम पुत्र भागमल, बेगमाबाद, मोदीनगर, यूपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, शाम साढ़े पांच बजे बदरीनाथ के दर्शन कर तीर्थयात्री पीकप वाहन से लौट रहे थे। बदरीनाथ से दस किलोमीटर की दूरी पर स्थित हनुमान चट्टी पहुंचने पर अचानक वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया।
दुर्घटना में सोनू राम, रजनीश, मोहन चंद्र, नोवित, पूनम, ज्योति और राजू कश्यप सभी बेगमाबाद, मोदीनगर, उत्तर प्रदेश निवासी घायल हुए हैं। जबकि बच्चों पर हल्की चोटें आई हैं। सभी घायलों को सीएचसी जोशीमठ में भर्ती कराया गया है। बदरीनाथ थाने के थानाध्यक्ष अनिल कुमार जोशी ने बताया कि वाहन मालिक हरिओम स्वयं गाड़ी चला रहा था।
आगे की सीट पर चालक समेत तीन लोग बैठे थे, जबकि वाहन के पीछे 13 बच्चों समेत 25 लोग बैठे थे। ओवर लोडिंग में पुलिस कार्रवाई न हो, इससे बचने के लिए वाहन को पीछे से पूरी तरह से बरसाती से ढका गया था। पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट ने कहा कि ओवर लोडिंग वाहनों का तत्काल मौके पर ही चालान किया जा रहा है। ऐसे वाहनों की गहनता से जांच की जाएगी।