उत्तराखंड में अनलॉक-5 का का पहला हफ्ता पर्यटन कारोबारियों के लिए बेहद मुफीद साबित हुआ है। लगातार तीन दिन से नैनीताल, मसूरी, टिहरी, देहरादून में पर्यटकों की काफी भीड़ रही। सभी पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की दिनभर चहल-पहल रही। रविवार को नैनीताल के करीब 95 फीसदी होटल सैलानियों के लिए खुल गए हैं।
नैनीताल में माल रोड, चिड़ियाघर, नैना देवी मंदिर, गुरुद्वारा, पंत पार्क, तल्लीताल और मल्लीताल, भोटिया मार्केट में भी खासी भीड़ रही। इससे लॉकडाउन की मार झेल चुके पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिले नजर आए। देर शाम तक पर्यटकों के वाहन सड़कों पर दौड़ते नजर आए। दोपहर बाद पार्किंग स्थल पैक हो गए। पर्यटकों ने नैनीझील में नौकायन किया।
रविवार को नैनीताल के मुख्य पर्यटक स्थल चिड़ियाघर में 481 पर्यटक और 75 विद्यार्थी पहुंचे। साथ ही केव गार्डन में 450 पर्यटकों ने प्राकृतिक गुफाएं देखीं। हिमालयन बॉटनिकल गार्डन में 68 पर्यटक व वाटर फॉल में 672 पर्यटक पहुंचे। बारापत्थर में 130 लोगों ने घुड़सवारी का आनंद लिया।
रविवार कॉर्बेट पार्क के लिए काफी अच्छा दिन साबित हुआ। देश भर से 360 लोगों ने जंगल सफारी कर वन्यजीव देखे। एक दिनी भ्रमण के लिए कॉर्बेट पार्क में मंगलवार तक की बुकिंग फुल है। पर्यटक लगातार बुकिंग करा रहे हैं। जंगल सफारी के लिए वर्तमान में केवल ढेला और झिरना जोन ही खुले हैं। 15 अक्तूबर से बिजरानी जोन भी खुल जाएगा।
शनिवार के बाद रविवार को भी पहाड़ों की रानी मसूरी पर्यटकों से गुलजार रही। मसूरी माल रोड सहित कैंपटी फॉल में पर्यटकों ने प्राकृतिक सौंदर्य का जमकर लुफ्त उठाया। वहीं, मसूरी में हल्की ठंड शुरू हो गई है। ऐसे में पर्यटकों ने सुहावने का मौसम का भी खूब लुत्फ उठाया।