करीब तीन महीने से मुंबई और पुणे में फंसे उत्तराखंड के प्रवासियों के लिए कौथिग फाउंडेशन मददगार बनकर सामने आया। कौथिक फाउंडेशन व अन्य समाजसेवियों की मदद से प्रदेश के 184 प्रवासी मुंबई से विमान के जरिए सकुशल देहरादून पहुंच गए हैं।
प्रवासियों के दल को अभिनेता हेमंत पांडे की उपस्थिति में दोपहर 2.40 बजे की फ्लाइट से देहरादून रवाना किया गया। फाउंडेशन की ओर से उन्हें घर भेजने का इंतजाम होने की बात सुनकर प्रवासियों के चेहरे खिल उठे। बता दें कि कौथिक फाउंडेशन मुंबई में उत्तराखंड के प्रवासियों का एक संगठन है।
सामाजिक कार्यकर्ता अर्काजा सिंह, प्रिया शर्मा की टीम ने कौथिग फाउंडेशन मुंबई के साथ मिल कर 184 प्रवासी उत्तराखंडियों को मुंबई से देहरादून भेजने का इंतजाम किया। इन लोगों की देहरादून वापसी में कुमाऊं मित्र मंडल, पुणे और गढ़वाल भातृ मंडल, पुणे का भी योगदान रहा।
फाउंडेशन से जुड़े समाजसेवी जगजीवन सिंह कन्याल ने मुंबई से फोन पर अमर उजाला को बताया कि इनमें 70 प्रवासी पुणे से आए थे। इन लोगों को पुणे से मुंबई तक लाने में योगेश कापड़ी, आशा भट्ट, ऋषि बिष्ट, रोहित बिष्ट ने सहयोग किया।
प्रवासियों को देहरादून रवाना करने के लिए हीरा सिंह भाकुनी, केशर सिंह बिष्ट, सुशील जोशी, तरुण चौहान, विनय बडोनी, कमला बडोनी, दिनेश बिष्ट, प्रवीण ठाकुर, महिपाल नेगी, हरीश दशौनी, लक्ष्मण ठाकुर, रघु नेगी, सोहन चौहान, समेत अन्य लोग एयरपोर्ट पहुंचे थे। प्रवासियों ने उन्हें घर वापस भेजने के लिए कौथिग फाउंडेशन का धन्यवाद किया।