हाईस्कूल में 16वीं रैंक लाने वाली ग्राम मुरली वाला जसपुर की छात्रा ब्यूटी वत्सल ने दिखा दिया कि अगर लक्ष्य तय हो तो कुछ भी हासिल किया जा सकता है। 96.6 फीसदी (483) अंकों के साथ इस बार उसने इंटर की परीक्षा टॉप की है। पं. पूर्णानंद तिवारी इंटर कॉलेज की छात्रा ब्यूटी वत्सल ने कहा कि उसके माता-पिता का सपना उसे डॉक्टर बनाने का है। जिसे वह पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। कहा कि वह न्यूरो सर्जन बनना चाहती है।
उसने कहा कि छात्र-छात्राओं को छोटे-छोटे लक्ष्य बनाकर पढ़ाई करनी चाहिए। छात्र जिस विषय को कठिन समझते हैं उस पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए। कोई विषय कठिन नहीं होता, ये छात्र के मन की सोच होती है। ब्यूटी के अंग्रेजी को छोड़ अन्य सभी विषयों में 97 से ऊपर ही अंक है। हिंदी और बायो में तो उसे 100 में से 99 अंक मिले हैं। ब्यूटी को अंग्रेजी में कम अंक लाने का मलाल है।
उसका कहना है कि परीक्षा के दिनों में उसने सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखकर छह घंटे पढ़ाई की। हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा में उसकी प्रदेश में 16वीं रैंक आई थी। तभी से उसने इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में प्रथम स्थान पाने की ठान ली थी और इस सफलता को प्राप्त करने के लिए वह जुट गईं थीं। ब्यूटी ने सभी छात्र-छात्राओं से कोरोना काल में सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन कर अपनी पढ़ाई जारी रखने की अपील की है।
ब्यूटी वत्सल प्रतिदिन साइकिल से विद्यालय आती थीं। उसके पिता कुलदीप सिंह चौहान नगर में ठाकुर मंदिर रोड पर जनरल स्टोर की दुकान करते हैं। उसकी माता पूनम देवी गृहणी हैं। उसका एक छोटा भाई है। उसकी इस उपलब्धि से उसके परिवार एवं गांव में जश्न का माहौल है। छात्रा को बधाई देने वालों का तांता लगा है।
वर्ष 2012 में इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली इसी विद्यालय की छात्रा इरम सैफी उसकी प्रेरणा स्रोत है। छात्रा की इस उपलब्धि पर विद्यालय में भी जश्न का माहौल है। पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल ने विद्यालय पहुंचकर छात्रा को 11 हजार रुपये का चेक देकर उसका उत्साहवर्द्धन किया।