टाइगर जिंदा है के प्रमोशन के दौरान सलमान खान और शिल्पा शेट्टी की ओर से वाल्मीकि समाज पर की गई टिप्पणी के खिलाफ वाल्मीकि समाज के लोगों का गुस्सा थम नहीं रहा।
शुक्रवार को भी देवभूमि में लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सलमान खान ओर शिल्पा शेट्टी के खिलाफ एससीएसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की भी मांग की।
इसके बाद उन्होंने रोष जताते हुए बालावली तिराहे पर पुतला फूंका। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि अभिनेता और अभिनेत्री के द्वारा वाल्मीकि समाज पर किए गए जातिसूचक शब्द से देश के समस्त वाल्मीकि समाज में रोष व्याप्त है। उनका कहना था कि जब तक दोनों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक वह उत्तराखंड में दोनों कोई भी फिल्म चलने नहीं दी जाएगी।
उन्होंने मांग की है कि सलमान खान और शिल्पा शेट्टी जनता के सामने वाल्मीकि समाज से माफी मांगे। तब जाकर वाल्मीकि समाज उन्हें माफ करेगा। उन्होंने कहा कि दोनों के माफी न मांगने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा तथा सलमान खान की फिल्मों का बहिष्कार किया जाएगा।
पुतला फूंकने व विरोध प्रदर्शन करने वालों में नगर पंचायत अध्यक्ष रामसिंह वाल्मीकि, मनजीत कुमार, मोनू, संदीप, सोनू, अरुण, फूलमती, कश्मीर, हंसराज कटारिया, अजय एवं धीर सिंह आदि लोग मौजूद रहे।