मौसम विभाग ने उत्तराखंड में इस दिन बारिश के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। इसमें सबसे ज्यादा पांच जिलों को खतरा बताया है।
प्रदेश के पांच पहाड़ी जिलों में शनिवार से ही हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार शनिवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
वहीं, राजधानी दून में ज्यादातर क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि सात मई की रात से मौसम में बदलाव होगा। आठ मई को तेज बारिश और अंधड़ की आशंका है।
बता दें कि, हाल ही में आए आंधी तूफान और बरिश के कहर से उत्तराखंड में पांच लोगों की जान जा चुकी है। वहीं बादल फटने से भी कई जगह पर भारी नुकसान हुआ है। ऐसे में विभाग ने एहतियातन सतर्कता बरतने को कहा है।
वहीं, मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को ही उत्तराखंड समेत जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पंजाब, बिहार, झारखंड, सिक्किम, ओडिशा, मध्य प्रदेश का उत्तर पश्चिम के इलाके, तेलंगाना, रायलसीमा, आंध्र प्रदेश के उत्तरी तट, तमिलनाडु के मध्य और केरल में आंधी-तूफान का खतरा बताया है।