चिलचिलाती धूप और झुलसाने वाली गर्मी से अब राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने दो दिन बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रदेश में सोमवार से अगले 36 घंटे के दौरान ओलावृष्टि और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही तपते पहाड़ को अगले दो दिनों में काफी हद तक गर्मी से राहत मिल जाएगी। मैदानी इलाकों में भी आंधी, बारिश और ओलावृष्टि होगी।
तेज धूप, उमस और गर्म हवाओं ने शनिवार को भी राजधानी देहरादून समेत आसपास के लोगों को खूब परेशान किया। दोपहर बाद गर्मी बहुत ज्यादा बढ़ गई। शाम के समय कुछ क्षेत्रों में हल्की हवा चलने से लोगों को मामूली राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से मौसम में बदलाव हो सकता है। शनिवार सुबह से राजधानी दून समेत आसपास के क्षेत्रों में तेज धूप खिली रही। सुबह के समय से ही गर्म हवाएं चलने लगी, जिससे गर्मी बढ़ गई।
3 of 6
गर्मी से परेशान एक पर्यटक
- फोटो : amar ujala
दोपहर में तेज धूप के साथ उमस भी होने लगी। साथ में गर्म हवाओं ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी। गर्मी से बचने के लिए लच्छीवाला, सहस्त्रधारा, गुच्चू पानी समेत अन्य पर्यटन स्थलों पर पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या में खासी बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। शनिवार को भी बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे।
मौसम केंद्र प्रभारी बिक्रम सिंह ने बताया कि कुछ इलाकों में गर्म हवाएं चल रही हैं। आज भी मौसम में बहुत ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। उन्होंने बताया कि सोमवार रात से मौसम में बदलाव हो सकता है। मंगलवार और बुधवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में अच्छी बारिश हो सकती है।
तेज गर्मी और गर्म हवाओं से बचाव न करने पर कई तरह की दिक्कतें हो सकती हैं। हीट स्ट्रोक से स्थिति बिगड़ भी सकती है। बच्चों और बुजुर्गों को इस मौसम में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत पड़ती है। धूप में बाहर निकलने से परहेज करें। बहुत जरूरी होने पर सिर व शरीर को ढककर रखें। ज्यादा गर्म जगह और धूप में खड़े होने से बचें। गर्म हवा से खुद का बचाव करें।