महिला वर्ल्ड कप 2017 में पहाड़ की बेटी एकता ने पांच विकेट चटकाते हुए पाकिस्तान को धूल चटा डाली। पढ़ें, देवभूमि की इस दिलेर बेटी की सफलता की दास्तां...
वर्ल्ड कप 2017 में भारत बनाम पाकिस्तान मैच में उत्तराखंड की एकता ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पाक क्रिकेटर को बेहद कम स्कोर में सिमटा दिया। वैसे ये पहला मौका नहीं है जब पाकिस्तानी क्रिकेट टीम एकता बिष्ट के सामने पस्त हुई है।
इसी साल फरवरी में विश्व कप क्वालीफायर मुकाबले में जब भारत और पाकिस्तान आमने-सामने आए थे तब एकता ने ही पाकिस्तानी टीम को ढेर करने में अहम भूमिका अदा की थी। एकता ने उस मैच में अपने 10 ओवर में 7 मेडन फेंके जिस दौरान सिर्फ 8 रन लुटाते हुए 5 विकेट लिए थे।
उस दिन एकता की शानदार गेंदबाजी के दम पर पाकिस्तान की टीम 67 रन पर सिमट गई थी और भारत ने इस लक्ष्य को आसानी से हासिल करते हुए 7 विकेट से जीत दर्ज की थी।
महिला क्रिकेट विशेषज्ञ और लेखक सुनील कालरा ने एक वेबसाइट को दिए गए स्टेटमेंट में कहा कि एकता को भारतीय महिला टीम की बिशन सिंह बेदी कहें तो गलत नहीं होगा। पूर्व भारतीय स्पिनर बिशन सिंह बेदी की तरह एकता की गेंद हवा में नीचे की ओर आती हैं और हल्के उछाल के साथ टर्न लेती हैं। वो एक विश्व स्तरीय गेंदबाज हैं और अपनी गेंदों पर कैसे रनों के प्रवाह को रोका जाए वो अच्छी तरह जानती हैं।