युवक हंसी खुशी शादी से लौट रहा था, लेकिन रास्ते में ही इतनी दर्दनाक मौत मिली कि घर इकलौते चिराग की हालत देखकर हर कोई सदमे में है। हल्द्वानी कोतवाली के सामने सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस में तेज रफ्तार कार घुस गई, जिससे कार सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस तत्काल उसे अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।
मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के नाचनी निवासी सेवानिवृत्त रेलवे इंजीनियर जसवंत सिंह टोलिया बिठौरिया कुशल हाउस इन्क्लेव में रहते हैं। उनका इकलौता पुत्र सिद्धार्थ टोलिया (29) बुधवार रात लालडांठ स्थित शादी समारोह में शामिल होने गया था। देर रात वह फोर्ड कार से वापस लौट रहा था, लेकिन बस अड्डे की तरफ चला गया। नैनीताल रोड पर कोतवाली के सामने तहसील परिसर के बाहर खड़ी मुजफ्फरनगर डिपो की बस (यूपी आईआईटी 7973) में उसकी कार पीछे से घुस गई, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सिद्धार्थ गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पूछताछ के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। पता चला कि सिद्धार्थ बीटेक करने के बाद रोजगार की तलाश कर रहा था। उसकी बड़ी बहन नोएडा में जॉब करती है।
हादसे के बाद रात्रि ड्यूटी में तैनात उपनिरीक्षक शंकर नयाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार का दरवाजा तोड़कर घायल सिद्धार्थ को निकाला। उसका सीना पिचक गया था और सिर पर चोट लगी थी। सांस चल रही थी। इस पर पुलिस ने उसे बेस अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, इसके बाद परिजन उसे एसटीएच भी ले गए थे। पुलिस को सिद्धार्थ के पर्स से एक होटल का कार्ड मिला। मोबाइल नंबर खंगालने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
5 of 5
bus accident, accident
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस का कहना था कि रोडवेज बस का डिपर जल रहा था। कार की टक्कर के बाद बस आगे खड़े वाहन से टकरा गई। रिश्तेदारों ने बताया कि सिद्धार्थ होनहार था। बीटेक करने के बाद उसने किसी कंपनी से बंगलूरू में इंटर्नशिप की थी। शादी समारोह के बाद वह घर लौट रहा था, लेकिन कुछ सामान खरीदने के लिए रोडवेज की तरफ चला आया होगा।