उत्तराखंड की वादियां बर्फ से फिर लकदक हो गई हैं। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में तो छह से सात इंच तक बर्फ जमी हुई है। तस्वीरें देखिए...
चमोली जिले में बुधवार को दोपहर एक बजे से बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, रुद्रनाथ, नंदा घुंघटी, मंडल, नीती और माणा घाटी में शुरू हुई बर्फबारी देर शाम तक जारी रही। जिले में सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे।
दिनभर सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से निचले क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। गोपेश्वर, जोशीमठ, घाट, पोखरी क्षेत्रों में शाम को बर्फीली हवाएं चलने से लोग अपने घरों में ही दुबके रहे।
पहाड़ के विभिन्न हिस्सों में बुधवार दोपहर बाद फिर मौसम का मिजाज बिगड़ गया। रुद्रप्रयाग और चमोली जिले में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। केदारनाथ में बुधवार दोपहर बाद से शुरू हुई हल्की बर्फबारी देर शाम तक रही।
आसमान में घने बादल छाए रहे। धाम में मौजूद कैप्टन सोबन सिंह बिष्ट ने बताया कि मौसम के खराब होने से पुनर्निर्माण कार्यों को पुन: शुरू करने की उम्मीदें फिर से धूमिल हो गई हैं। धाम में विगत 21 जनवरी से बिजली की सप्लाई ठप पड़ी है, जिससे पहले से यहां खासी दिक्कतें हो रही हैं।