पहाड़ में बुधवार को मौसम ने करवट बदली है। केदारनाथ धाम में दिनभर रुक-रुककर बर्फबारी होती रही। यहां पौन फीट से अधिक बर्फ जम चुकी है। यहां अधिकतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम मानइस पांच डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। उधर, चमोली जिले में बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है। केदारनाथ में बुधवार तड़के से ही बर्फबारी शुरू हो गई। प्रात: सात बजे तक पूरी केदारपुरी ने सफेद चादर ओढ़ ली थी।
2 of 6
kedarnath, snowfall
- फोटो : अमर उजाला
खराब मौसम के कारण यहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पूर्वाह्न 11 बजे केदारनाथ में तापमान 1.8 डिग्री दर्ज किया गया, लेकिन इसके बाद पारा गिरने लगा, जो शाम 4.30 बजे माइनस 5 तक पहुंच गया। यहां आदिगुरु शंकराचार्य के समाधि स्थल का पुनर्निर्माण कर रहे वुड स्टोन कंपनी के प्रभारी कैप्टन सोबन सिंह बिष्ट ने बताया कि मौसम खराब होने से पुनर्निर्माण कार्यों पर भी असर पड़ रहा है। उधर, द्वितीय केदार मद्महेश्वर और तृतीय केदार तुंगनाथ धाम सहित जनपद के अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी हिमपात हुआ है।
चमोली जिले में दोपहर बाद बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ और फूलों की घाटी सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। जोशीमठ, गोपेश्वर, पोखरी, घाट, नारायणबगड़, देवाल, गैरसैंण क्षेत्रों में बर्फीली हवाएं चलने से लोग घरों में दुबके रहे। थल-मुनस्यारी मार्ग बुधवार को हिमपात होने के चलते बेटुलीधार और कालामुनि के पास बंद हो गई है। इससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बर्फबारी से क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
ताजा हिमपात से क्षेत्र में नए साल का जश्न मनाने आए पर्यटक खुश दिखे। क्षेत्र में बुधवार सुबह से ही बादल छाए थे। दोपहर में पहले उच्च हिमालयी क्षेत्र में हिमपात हुआ। इसके बाद 1.50 बजे मुनस्यारी और आसपास बर्फबारी हुई। पंचाचूली, हंसलिंग, राजरंभा, नाग्निधुरा, खलिया टॉप, बेटुलीधार, कालामुनि आदि चोटियों पर बर्फबारी हुई। मुनस्यारी बाजार में एक इंच और कालामुनि, बेटुलीधार में एक फुट तक बर्फबारी हुई।
थल-मुनस्यारी सड़क बंद होने से वाहन चालकों और यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। मुनस्यारी के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में इन दिनों सेमेस्टर की परीक्षाएं चल रही हैं। बुधवार को बीए पांचवें सेमेस्टर की अंग्रेजी साहित्य की परीक्षा थी। बर्फबारी के चलते परीक्षार्थियों को काफी दिक्कत उठानी पड़ी। बाद में अंगीठी जलाकर छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। पिथौरागढ़ में बुधवार सुबह पांच बजे अधिकतम तापमान 17.1 और न्यूनतम 6.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।