मौसम में ठंडक बढ़ती ही जा रही है। वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।
दिनभर रुक-रुककर हुई रिमझिम बारिश से राजधानी देहरादून समेत आसपास के इलाकों का मौसम बेहद सुहावना हो गया। हालांकि, दिन में हुई कई दौर की बारिश के चलते लोगों को परेशानी भी झेलनी पड़ी। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में उत्तराखंड के कई जगहों पर बारिश व ओलावृष्टि होने की संभावना है।
बुधवार को सुबह से ही दून समेत आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहे। सुबह-सुबह ज्यादातर इलाकों में अच्छी बारिश हुई। कुछ देर बाद मौसम साफ हो गया और बादल छंट गए। दोपहर में एक बार फिर आसमान काले बादलों से घिर गया और करीब दो घंटे लगातार रिमझिम बारिश होती रही। दोपहर बाद फिर कुछ देर तक रुक-रुककर बारिश हुई।
दिनभर हुई बारिश से लोगों को गर्मी से खासी राहत मिली। वहीं, लगातार बारिश से लोगों को दिक्कत भी झेलनी पड़ी। जिन इलाकों में सड़कें खुदी पड़ी हैं, वहां कीचड़ और मिट्टी के कारण भी लोग परेशान हुए।
मौसम विभाग के अनुसार, आज भी हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग के कुछ इलाकों में हल्की वर्षा और गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि ज्यादातर क्षेत्रों में बादल छाए रहने की संभावना है। दिन में कुछ दौर की बेहद हल्की बारिश भी हो सकती है।