हरिद्वार में कुंभ मेला प्रशासन धर्मनगरी में साल 2021 में होने वाले कुंभ के विकास कार्य करवाने के साथ उसे जगमग करने में जुटा है। शहर के कई पुलों को सतरंगी लाइटों से जगमग कर दिया गया है। शाम होते ही गंगनहर के पुल और शहर के चौक की छटा देखते बनती है। बृहस्पतिवार को मेलाधिकारी दीपक रावत और हरवीर सिंह ने पुलों का निरीक्षण किया।
शहर के सभी प्रमुख स्थानों पर स्थित 11 पुलों को लाइटिंग से सजाने की तैयारी की गई है। बृहस्पतिवार की रात कुंभ मेला अधिकारी दीपक रावत ने सहयोगी अधिकारियों के साथ इस लाइटिंग का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलों के साथ-साथ सभी भवनों को अत्याधुनिक तकनीक वाली लाइटिंग करने के निर्देश दिए है।
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने तुलसी चौक, डामकोठी के पास वाले पुल, यूपी सिंचाई विभाग द्वारा डामकोटी के पास बनाए जा रहे अतिथि गृह और उसे जोड़ने वाले ओम पुल का निरीक्षण किया। अभी तक की गई सजावट की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इसी तरह शहर के सभी प्रमुख चौराहे, पुलों और भवनों को सजाया जाएगा।
पिछले कई सालों से मेले की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग द्वारा निभाई जा रही थी, लेकिन इस बार ये दायित्व नगर निगम को देने की तैयारी की जा रही है। देहरादून में हुई बैठक में भाग लेकर लौटे मेलाधिकारी दीपक रावत ने बताया कि क्लीन और ग्रीन कुंभ संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इस बार शासन ने मेला प्रशासन के प्रस्ताव पर सफाई की जिम्मेदारी नगर निगम को देने का निर्णय लिया है। निगम प्राइवेट एजेंसियों के माध्यम से सफाई व्यवस्था कराएगा। सभी सेक्टरों में समुचित सफाई व्यवस्था करने के लिए व्यापक रणनीति तय की गई है।