मौसम अभी दो दिन और परेशान करेगा। मौसम विभाग ने बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं ओले गिरने की भी संभावना है।
चेतावनी: अभी और परेशान करेगा मौसम, तीन जिलों में बारिश के साथ गिरेंगे ओले
प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में आज भी हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार ज्यादातर क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। विशेषकर उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में गर्जन वाले बादल छाने और हल्की वर्षा की संभावना है।
सोमवार को सुबह से ही प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बादल छाए रहे। सुबह करीब आठ बजे राजधानी दून समेत कई स्थानों पर बारिश शुरू हो गई। करीब दो घंटे तक लगातार हल्की बारिश होती रही। इस दौरान आसमान काले बादलों से घिरा रहा।
इसके बाद बादल धीरे-धीरे छंटने लगे। दोपहर तक बारिश थम गई, लेकिन आसमान में बादल छाए रहे। शाम को एक बार फिर हल्के बादल छाए और गर्जन हुई, हालांकि बारिश नहीं हुई। सुबह के समय हुई बारिश से राजधानी समेत आस-पास के क्षेत्रों में मौसम सुहावना हो गया।
मौसम केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि प्रदेश में चार दिन बारिश का अनुमान जताया गया था। आज भी हल्के बादल छाए रहेंगे। दोपहर बाद से मौसम खुलना शुरू हो जाएगा। हालांकि बुधवार को भी कुछ इलाकों में झक्कड़ और ओले गिरने का अनुमान है।