सोमवार दोपहर नौटी मोटर मार्ग पर एक ट्रक चौंडली के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
जिसमें चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि एक घायल को पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार को ईंट सहित अन्य अन्य सामग्री को नौटी उतारकर वापस आ रहा ट्रक चौंडली के पास अनियंत्रित होकर करीब 200 से 300 मीटर नीचे खाई में जा गिरा।
जिसमें सवार चालक रविकांत (25) पुत्र रमेश चंद्र सती निवासी कमेड़ा (नंदप्रयाग) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि ट्रक में सवार नेपाली मजदूर रतन बहादुर (24) पुत्र शेर बहादुर निवासी कालीकोट नेपाल हाल पुडियाणी(कर्णप्रयाग) घायल हो गया।
घटना की सूचना पर पुलिस कोतवाली निरीक्षक संजय कुमार, एसआई एसडी जमलोकी और नवीन नेगी सहित पुलिस टीम और आस पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जिसके बाद घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
कोतवाली निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि मृतक का पंचनामा भरकर पीएम की कार्रवाई की जा रही है। दूसरी ओर गैरसैंण के धुनारघाट-नागचुलाखाल मोटर मार्ग पर सोमवार दोपहर को एक टैक्सी का ब्रेक फेल होने से सड़क पर पलट गई। इस दौरान टैक्सी में सवार पांच लोगों और चालक सकुशल हैं।