बेकाबू बस की टक्कर से स्कूली बच्चों से भरे टेंपो के पखच्चे उड़ गए। बस टेंपों को पचास मीटर तक घसीटती हुई ले गई। देखिए तस्वीरें...
स्कूली बच्चों से भरे टेंपों को पचास मीटर तक घसीटती ले गई बस, रोंगटे खड़े कर देंगी हादसे की तस्वीरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सड़क किनारे खड़ी बस को ओवरटेक करने के प्रयास में सोमवार सुबह एक फैक्ट्री की बस सामने से आ रहे स्कूली बच्चों से भरे टेंपो से टकरा गई। बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि टेंपो करीब 50 मीटर तक घिसटता चला गया। हादसे में टेंपो चालक की मौत हो गई, जबकि नौ बच्चे घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल दो बच्चों को रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों वाहन कब्जे में ले लिए हैं।
महुआखेड़ागंज से स्कूली बच्चों से भरा टेंपो (संख्या यूपी 18 एएन 8654) सोमवार सुबह 7:30 बजे अलीगंज रोड स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल जा रहा था। टेंपो को महुआखेड़ागंज निवासी मो. साजिद (30) पुत्र मो. उमर चला रहा था। सेंट मैरी स्कूल के सामने एक पेपर मिल की बस सवारी लेने के लिए रुकी। उसके पीछे से एक फैक्ट्री के कर्मचारी ले जा रही बस (संख्या यूए 06 पीए 0757) अनियंत्रित गति से महुआखेड़ागंज की ओर जा रही थी।
आगे बस खड़ी देख चालक ब्रेक नहीं लगा सका और बस अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे टेंपो से टकरा गई। टेंपो करीब 50 मीटर तक बस के साथ ही घिसटता चला गया और सेंट मैरी स्कूल की पार्किंग से टकराकर रुका। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर भाग गया। टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में टेंपो चालक मो. साजिद के अलावा महुआखेड़ागंज निवासी खुशबू (7) पुत्री राहुल कुमार, ग्राम बघेलेवाला निवासी अभय (15) पुत्र टीकाराम, महुआखेड़ागंज निवासी सेवी मलिक (6) पुत्री सादिक, अयान मलिक (10) पुत्र सादिक, नौबाज रजा (10) पुत्र जुनैद रजा, रोहित राज (10) पुत्र राहुल राज, प्रियांशु (15) पुत्र संजय, अयान (10) पुत्र नवी जान और प्रियांशु मिश्रा (7) पुत्र अजय मिश्रा घायल हो गए।
घायलों को राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया, डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल चालक मो. साजिद, खुशबू और अभय को निजी नर्सिंग होम रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों ने साजिद को मृत घोषित कर दिया, जबकि खुशबू और अभय की हालत चिंताजनक बनी हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक खुशबू के सिर की हड्डी टूटकर अंदर धंस गई है और सिर में खून के थक्के जमा हो गए हैं। अभय का जबड़ा क्रैक हो गया है।