लोन लेने की पहले लंबी प्रोसेस और फिर उस पर टेंशन देने वाला ब्याज। लेकिन इस स्कीम के बारे में जान आपकी सारी टेंशन खत्म हो जाएगी। पढ़िए पूरी खबर.
नैनीताल जिला सहकारी बैंक दीन दयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत जिले के किसानों को मध्यकालीन और अल्पकालीन ऋण बांटेगा।
अल्पकालीन ऋण चुकाने की सीमा एक साल होगी जबकि मध्यकालीन ऋण की सीमा तीन साल होगी। इस अवधि में किसानों को दो प्रतिशत ब्याज की दर से ऋण चुकाना होगा।
तय समय तक एक भी किश्त जमा नहीं करने पर किसानों को सामान्य ऋण की तरह 12 प्रतिशत ब्याज देना होगा। यहां नैनीताल जिला सहकारी बैंक सभागार में राज्य सरकारी बैंक के अध्यक्ष दान सिंह रावत और जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष राजेंद्र सिंह नेगी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि एमबी इंटर कॉलेज परिसर हल्द्वानी में दीन दयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत 30 दिसंबर को आयोजित सहकारिता मेले में किसानों को ऋण वितरित किया जाएगा।
योजना के तहत लघु, सीमांत और गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले किसानों और उनके परिवार के सदस्यों को अल्पकालीन/मध्यकालीन ऋण के तहत एक लाख रुपए का ऋण दिया जाएगा।