उत्तराखंड सरकार से विकास कार्यों का हिसाब मांगते हुए आम आदमी पार्टी प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया व प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को सीएम आवास कूच किया। हाथीबड़कला के पास पुलिस ने बेरीकेडिंग लगाकर रैली को रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिसकर्मियों के साथ जमकर नोकझोंक और धक्का मुक्की हुई।
इस पर पदाधिकारी, कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए और सरकार, मुख्यमंत्री व पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। डेढ़ घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस ने पार्टी प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष के साथ 80 से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। उन्हें दो गाड़ियों में पुलिसलाइन ले जाया गया। बाद में सभी को निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया।
सीएम आवास कूच के दौरान प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया ने कहा कि भाजपा पिछले चार साल से शासन की जगह कुशासन कर रही है। भाजपा सरकार ने राज्य की जनता के साथ छल किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता के चार साल खराब किए हैं, उसका जवाब आखिर कौन देगा? आम आदमी पार्टी और जनता को इन चार सालों का जवाब चाहिए और अगर जवाब नहीं मिला तो कार्यकर्ता भाजपा नेताओं, विधायकों के घर जाकर चार साल का हिसाब मांगेंगे।
2 of 5
आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि सीएम बदलना सिर्फ खानापूर्ति करने जैसा है। जनता के साथ किए गए छल का जवाब चुनाव में भाजपा को मिल जाएगा। प्रदर्शन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर समेत कई कार्यकर्ताओं की तबियत बिगड़ गई।
3 of 5
आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश अध्यक्ष को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। पुलिस लाइन से छोड़े जाने के बाद प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया अस्पताल पहुंचे और प्रदेश अध्यक्ष का हालचाल जाना। फिलहाल उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
4 of 5
आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
सीएम आवास कूच में शामिल पार्टी नेता व सेवानिवृत्त आईजी अनंतराम चौहान को भी पुलिसकर्मियों ने हिरासत में ले लिया। पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ उन्हें भी पुलिस की गाड़ी में पुलिस लाइन ले जाया गया। वहां अनंतराम चौहान का भी मुचलका भरा गया।
5 of 5
आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
उन्हें हिरासत में लेने के बाद पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने जमकर चुटकी ली। दूसरी ओर, अनंतराम चौहान का कहना है कि अब वे पुलिस अधिकारी नहीं हैं। वे पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं। पूर्व आईजी अनंतराम चौहान विकासनगर व आसपास के इलाकों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे।