कोरोना संक्रमण बढ़ने के साथ ही प्रदेश में कोविड वैक्सीन का संकट खड़ा हो गया है। चार जिलों में वैक्सीन का स्टॉक शुक्रवार को खत्म हो गया है। जबकि नौ जिलों में शनिवार के लिए वैक्सीन डोज बची हुई है। स्वास्थ्य महकमा शनिवार को टीकाकरण को लेकर स्थिति मैनेज करने में जुटा रहा। कई जगह टीकाकरण बंद हो गया है। दून अस्पताल में नई ओपीडी बिल्डिंग व एमएस आवास में टीकाकरण किया जा रहा है। हर दिन करीब 300 लोगों का टीकाकरण किया जाता है। पर शनिवार को एमएस आवास पर टीकाकरण बंद है। सीएमओ आफिस से सिर्फ 90 डोज ही अस्पताल को मिली हैं। दोपहर बाद राजकिय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रशासन में भी कोरोना की वैक्सीन खत्म हो गई। सुबह से लाइन लगाकर अपनी बारी के इंतजार में खड़े लोग मायूस होकर घर लौट गए। सरकार ने केंद्र से 10.57 लाख वैक्सीन डोज की मांग की है। प्रदेश में सिर्फ 1.49 लाख वैक्सीन डोज का स्टॉक बचा हुआ है। जो शनिवार तक खत्म हो जाएगा। वैक्सीन न होने पर रविवार को टीकाकरण कार्य बंद करना पड़ सकता है। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए प्रदेश में इसी साल 16 जनवरी से कोविड टीकाकरण शुरू किया गया था। अब तक स्वास्थ्य कर्मचारियों, फ्रंट लाइन वर्करों और 45 से 60 साल से अधिक आयु वर्ग में 10.57 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लगाई जा चुकी है। जबकि 74233 स्वास्थ्य कर्मियों व 61812 फ्रंट लाइन वर्करों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगाकर टीकाकरण पूरा किया गया। कोरोना संक्रमण बढ़ने से लोगों में वैक्सीन लगवाने के लिए खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। लेकिन केंद्र से वैक्सीन की खेप न मिलने से उत्तराखंड में लोगों को टीके लगाने का संकट खड़ा हो गया है।
उत्तराखंड : कोविड वैक्सीन का संकट गहराया, चमोली, देहरादून, नैनीताल, टिहरी जिले में खत्म हुआ स्टॉक, तस्वीरें
न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
Published by: Nirmala Suyal Nirmala Suyal
Updated Sat, 10 Apr 2021 03:28 PM IST
सार
- प्रदेश में सिर्फ 1.49 लाख कोविड वैक्सीन की डोज शेष, केंद्र से अब तक मिल चुकी है 13.23 लाख वैक्सीन डोज
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन