वर्ष 2013 की आपदा के बाद उत्तराखंड की चार धाम यात्रा इस बार नए रिकॉर्ड की तरफ बढ़ती दिखाई दे रही है। चार धाम यात्रा में तीर्थयात्रियों के हुजूम उमड़ पडे़ हैं। केदारनाथ में तीर्थयात्रियों की संख्या इस बार चौंका रही है। पहली बार ऐसी तस्वीर उभरकर सामने आई है, जबकि एक महीने की यात्रा के बाद बदरीनाथ और केदारनाथ पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या लगभग बराबर दिखाई दे रही है।
इस बार नए रिकॉर्ड की तरफ चारधाम यात्रा, केदारनाथ का कमाल, पहुंचे इतने तीर्थयात्री
बुधवार तक यात्रियों की जो तस्वीर दिखी है, उसके अनुसार, बदरीनाथ और केदारनाथ पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या में सिर्फ 2284 यात्रियों का ही अंतर दिखाई दे रहा है। 2013 के बाद केदारनाथ पुनर्निर्माण के लिए जिस तरह के प्रयास हुए हैं और केदारनाथ सुर्खियों में आया है, उसने यहां यात्रियों की संख्या में जबरदस्त उछाल का आधार तैयार कर दिया है।
बुधवार तक चारों धामों में पहुंचने वाले यात्रियों का आंकड़ा 18 लाख के एकदम करीब जाकर रुका है। वर्ष 2018 में करीब 27 लाख तीर्थयात्रियों ने चारों धाम के दर्शन किए थे। वर्ष 2018 की बात करें, तो शुरुआती एक महीने में केदारनाथ में बदरीनाथ से ज्यादा यात्री पहुंच गए थे। पिछले साल शुरुआती एक महीने में केदारनाथ में 4,3,9473 तो बदरीनाथ में 4,1,6697 तीर्थयात्रियों की आमद हुई थी।
हालांकि बाद में पूरी यात्रा सीजन में बदरीनाथ में तीन लाख 16 हजार 60 यात्री केदारनाथ के मुकाबले ज्यादा पहुंचे थे। केदारनाथ का खास तौर पर जिक्र करना इस बार जरूरी दिख रहा है। इसकी वजह है, कि पिछली बार पूरी यात्रा के दौरान इस धाम में सात लाख 31 हजार 991 यात्री आए थे। इस बार, जून के दूसरे सप्ताह में ही वहां पर पांच लाख 87 हजार 200 यात्रियों की आमद हो चुकी है।
कब कितने यात्री आए बदरी-केदार
वर्ष बदरीनाथ केदारनाथ
2013 497386 333656
2014 150060 40922
2015 366455 154385
2016 654355 309764
2017 920466 471235
2018 1048051 731991
चार धाम में यात्रियों की संख्या
बदरीनाथ- 589484
केदारनाथ- 587200
गंगोत्री- 302798
यमुनोत्री- 300598