जोशीमठ में मंगलवार सुबह से बाधित बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग 83 घंटे बाद शुक्रवार शाम सुचारू हो गया है। हाईवे खुलते ही वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने जय बदरीविशाल और जो बोले सोनिहाल के जयकारे लगाए।
हाईवे खुलने पर चार दिन से जोशीमठ में फंसे श्रद्धालुओं के साथ ही स्थानीय लोगों, प्रशासन और बीआरओ ने राहत की सांस ली है। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की मशीनों ने चार दिन तक 24 घंटे काम करते हुए हाईवे पर आई चट्टान को हटाकर शुक्रवार शाम सवा छह बजे आवाजाही सुचारू करवा दी। पहले पैदल श्रद्धालुओं को निकाला गया, इसके बाद वाहनों को रवाना किया गया।
Haridwar: कांवड़ यात्रा की तैयारी को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने की बैठक, 22 जुलाई से शुरू हो रही है यात्रा
जोशीमठ में चुंगीधार के पास मंगलवार सुबह सात बजे हाईवे पर मलबा आ गया था। जिससे हाईवे बंद हो गया था और करीब 4500 यात्री यहां फंस गए थे। यहां बीआरओ जेसीबी मशीन से मलबा हटाने का काम कर ही रही थी कि पूर्वाह्न 11 बजे पहाड़ का बड़ा हिस्सा टूट गया और भारी भरकम चट्टान सड़क पर अटक गई।
2 of 5
बदरीनाथ हाईवे खुला
- फोटो : अमर उजाला
हाईवे बंद होने से सभी यात्री इधर-उधर फंस गए। बदरीनाथ विधानसभा उपचुनाव में मतदान कराने के लिए जा रहीं पोलिंग पार्टियां भी यहां फंसी रहीं, जिन्हें पांच किमी पैदल रास्ते से पार कराया गया। वापसी में 11 जुलाई को कुछ समय के लिए हाईवे पर पैदल आवाजाही कराई गई, जिसमें 36 पोलिंग पार्टियां तो आ गई, लेकिन फिर पत्थर गिरने से फिर आवाजाही बंद कर दी गई और चार पोलिंग पार्टियां वहीं फंस गईं, जिन्हें हेलीकॉप्टर से गोपेश्वर भेजा गया।
3 of 5
बदरीनाथ हाईवे खुला
- फोटो : अमर उजाला
इस बीच बीआरओ की पोकलेन, आरओसी, जेसीबी और कंप्रेशर मशीनें लगातार काम करती रहीं। शुक्रवार सुबह हाईवे पर काफी हद तक मलबा हटा दिया गया, जिसके चलते मलबे के ऊपर से ही पैदल और दोपहिया वाहनों को भेजा गया। करीब 1500 श्रद्धालु एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, बीआरओ और पुलिस टीम की सुरक्षा में सुबह आठ बजे जोशीमठ से गंतव्य की ओर भेजे गए। उसके बाद फिर हाईवे पर काम शुरू किया गया और अपराह्न छह बजे सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारू कर दिया गया। सवा छह बजे पैदल यात्रियों को हाईवे पार कराया गया, जिसके बाद दोपहिया और फिर चौपहिया वाहनों की आवाजाही शुरू करा दी गई।
4 of 5
बदरीनाथ हाईवे खुला
- फोटो : अमर उजाला
हाईवे खुलने पर आगे बढ़ने से अफरा तफरी की स्थित आ सकती थी, इससे बचने के लिए पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ ने रस्सी लगाकर लाइन से यात्रियों को हाईवे पार कराया।
5 of 5
बदरीनाथ हाईवे खुला
- फोटो : अमर उजाला
चार दिन से हाईवे खुलने का इंतजार यात्रियों के साथ स्थानीय लोगों और प्रशासन को भी था। जैसे-जैसे हाईवे खुलने की उम्मीद जगी सभी के चेहरों पर मुस्कान आ गई। हाईवे खुलने की सूचना पर बाजार से सभी यात्री, व्यापारी और स्थानीय लोगों का वहां पर हुजूम उमड़ पड़ा। जब यात्रियों को बताया गया कि हाईवे से पूरा मलबा हट गया है और अब वाहन दूसरी तरफ जा सकते हैं तो सभी ने जय बदरीविशाल और जो बोले सोनिहाल के जयकारे लगाए।