दोस्तों ने कभी सोचा भी नहीं था कि एक हादसा उनकी जिंदगी पर भारी पड़ जाएगा।
सोमवार अपराह्न करीब चार बजे कर्णप्रयाग से नैनीसैंण जा रहा एक टैक्सी वाहन आईटीआई (कर्णप्रयाग) के पास अनियंत्रित होकर सीधे पिंडर नदी किनारे जा गिरा। खड़ी चट्टान होने के चलते वाहन में सवार चार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक घायल ने रेसक्यू करते समय दम तोड़ा। मृतकों में तीन कंडारा और दो जस्यारा गांव के थे।
जानकारी के मुताबिक सोमवार अपराह्न करीब चार बजे कर्णप्रयाग से वाहन चालक मनवीर सिंह अपने साथ चार अन्य दोस्तों को बैठाकर नैनीसैंण के लिए चल पड़ा। लेकिन करीब एक किमी आगे आईटीआई के पास वाहन अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर नीचे पिंडर नदी किनारे जा गिरा।
जिसमें मनवीर सिंह 35 पुत्र स्व जोध सिंह निवासी कंडारा, जनक पुंडीर 32 पुत्र दरवान सिंह जस्यारा, देवेंद्र पुंडीर 30 पुत्र जगदीश सिंह जस्यारा, खुशहाल सिंह 43 पुत्र जयकृत कंडारा, सचिन कुमार 20 पुत्र बीरेंद्र सिंह कंडारा की मौत हो गई। खड़ी चट्टान होने के चलते वाहन में सवार चार लोगों ने मौके पर दम तोड़ दिया। जबकि चालक मनवीर की हल्की सांस चल रही थी।
इस दौरान कुछ युवक खड़ी चट्टान से नीचे उतरे तो सामने की ओर पाडली से भी तीन युवा नदी पार कर घटनास्थल पहुंचे। सूचना पर प्रभारी थानाध्यक्ष आशीष रबियान, तहसीलदार विपिन चंद्र पंत, पुलिस, एसडीआरएफ के जवान मौके पर पहुंचे। करीब आधे घंटे बाद गौचर से आईटीवीपी का दल भी मौके पर पहुंचा। इस दौरान घायल मनवीर का रेसक्यू किया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही मनवीर ने दम तोड़ दिया।