उत्तराखंड में भाजपा के विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की पार्टी में वापसी के विरोध की आग दिल्ली तक पहुंच गई है। उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया।
बड़ी संख्या में आप कार्यकर्ता सुबह भाजपा मुख्यालय कूच के लिए निकले तो भीड़ देख पुलिस के भी हाथ-पांव फूल गए। पुलिस ने उन्हें बैरिकेड लगाकर रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। इसके बाद कार्यकर्ता बीच रास्ते में ही धरने पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे।
इस दौरान करार्यकर्ताओं ने विधायक चैंपियन का पुलता भी फूंका। कार्यकर्ताओं का कहना है कि चैंपियन को उनकी गलती के लिए छह साल के लिए निष्कासित किया गया था, लेकिन पार्टी ने उन्हें 13 महीने में भी वापस बुला लिया। आप कार्यकर्ताओं ने चैंपियन को बर्खास्त करने की मांग की।
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे दीवान सिंह नियाल ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड की जनता का अपमान करने वाले चैंपियन को भाजपा ने पैसे खाकर दोबारा पार्टी में शामिल कर लिया है। हमारी हमारी मांग है कि भाजपा उसको पार्टी से तत्काल बाहर निकाले और उत्तराखंड और वहां के निवासियों का सम्मान करते हुए उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
बता दें कि भाजपा विधायक चैंपियन कुंवर प्रणव सिंह का कुछ समय पहले अपने साथियों के साथ कथित तौर पर शराब पीते और हथियार लेकर नाचते हुए एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वायरल वीडियो में भाजपा विधायक उत्तराखंड के निवासियों को गाली देते हुए और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए दिखाई दे रहे थे।