टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका से होने जा रहा है। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया जीत की लय को बरकरार रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। यह अहम मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां अक्सर हाई-स्कोरिंग मैच देखने को मिलते हैं। भारत और दक्षिण अफ्रीका दोनों ही टीमें दमदार फॉर्म में हैं, लेकिन इस मुकाबले में तीन भारतीय खिलाड़ी ऐसे हैं जो अपने प्रदर्शन से मैच का पासा पलट सकते हैं।
ईशान किशन: पावरप्ले का तूफान
सलामी बल्लेबाज ईशान किशन इस विश्व कप में शानदार लय में नजर आए हैं। चार मैचों में 202 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 176 रन बनाकर उन्होंने विपक्षी गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाया है। पाकिस्तान के खिलाफ 44 गेंदों पर 77 रन की उनकी पारी ने मैच का रुख बदल दिया था। ईशान की खासियत है कि वे पावरप्ले में आक्रामक बल्लेबाजी कर विपक्ष को बैकफुट पर धकेल देते हैं। अहमदाबाद की बल्लेबाजों के अनुकूल पिच पर उनसे एक और धमाकेदार शुरुआत की उम्मीद रहेगी।
3 of 5
हार्दिक पांड्या
- फोटो : IANS
हार्दिक पांड्या: अनुभव और संतुलन का मेल
हार्दिक पांड्या दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत के सबसे बड़े मैच विनर साबित हो सकते हैं। ऑलराउंडर के तौर पर उनका योगदान टीम को संतुलन देता है। आईपीएल में गुजरात टाइटंस की ओर से खेलते हुए उन्होंने नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम पर काफी क्रिकेट खेला है, जिससे उन्हें यहां की परिस्थितियों की अच्छी समझ है। इस विश्व कप में भी हार्दिक बल्ले और गेंद दोनों से अहम भूमिका निभा रहे हैं। मध्यक्रम में तेज रन बनाना हो या जरूरत पड़ने पर विकेट निकालना—हार्दिक हर मोर्चे पर टीम के लिए अहम साबित हो सकते हैं।
4 of 5
वरुण चक्रवर्ती
- फोटो : IANS
वरुण चक्रवर्ती: रहस्यमयी स्पिन का हथियार
वरुण चक्रवर्ती दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों के लिए हमेशा चुनौती रहे हैं। टी20 प्रारूप में प्रोटियाज टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों में वे दूसरे स्थान पर हैं। आठ मुकाबलों में 22 विकेट उनके प्रभाव को दर्शाते हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी वरुण ने अब तक चार मैचों में 9 विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित की है। उनकी विविधता भरी गेंदबाजी और रहस्यमयी स्पिन अफ्रीकी बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकती है।
5 of 5
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका
- फोटो : IANS
जीत की कुंजी
भारत की जीत काफी हद तक इन तीन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर निर्भर करेगी। अगर ईशान तेज शुरुआत देते हैं, हार्दिक संतुलन बनाए रखते हैं और वरुण अपनी फिरकी से जाल बुनते हैं, तो टीम इंडिया की राह आसान हो सकती है। सुपर-8 का यह मुकाबला टूर्नामेंट की दिशा तय करने में अहम साबित हो सकता है।