क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 का एक बेहद अहम मुकाबला मंगलवार को बर्मिंघम के एजबेस्टन में भारत और बांग्लादेश के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने नौ विकट खोकर 314 रन बनाए और बांग्लादेश को 28 रनों से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। वर्ल्ड कप के इतिहास में ये सातवां मौका है जब भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंची है। अब सवाल उठता है कि भारत सेमीफाइनल में किस टीम से टकराएगा?
World Cup 2019: सेमीफाइनल में किससे भिड़ेगा भारत?
पॉइंट्स टेबल में टॉप पर टीम इंडिया?
8 मैच में 6 जीत, एक हार और एक ड्रॉ के साथ टीम इंडिया 13 अंक लेकर फिलहाल पॉइंट्स टेबल पर दूसरे नंबर पर काबिज है। भारत का अभी एक मैच बाकी है, जो उसे श्रीलंका के खिलाफ 6 जुलाई को खेलना है। एक और जीत के साथ टीम इंडिया के खाते में 15 प्वाइंट्स हो जाएंगे, लेकिन इस जीत के बावजूद यह गारंटी नहीं कि 'विराट सेना' नंबर एक पायदान पर पहुंच जाएगी। ये तय होगा लीग राउंड के आखिरी मैच से, जो ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाना है।
कौन करेगा पॉइंट्स टेबल में टॉप?
फिलहाल ऑस्ट्रेलिया टीम 14 पॉइंट्स के साथ टॉप पर है। लीग राउंड की समाप्ति कंगारुओं और प्रोटियाज के बीच घमासान से ही होगी। पहले ही विश्व कप से बाहर होकर पस्त नजर आ रही दक्षिण अफ्रीका को अगर शानदार रंग में दिख रही ऑस्ट्रेलिया हरा देती है तो अपना नंबर एक पायदान पर बरकरार रहेगी, लेकिन अगर यहां ऑस्ट्रेलिया हारती है और भारत श्रीलंका को अपने आखिरी मैच में हरा देता है तो भारत टॉप पर आ जाएगा।
नंबर दो पर रहने पर किससे भिडे़गा भारत?
भारतीय टीम के प्वाइंटस टेबल पर नंबर दो पर रहने की ज्यादा संभावना है। नंबर दो पर रहने का मतलब होगा 'मैन इन ब्लूज' तीसरे नंबर की टीम से भिडे़गा। फिलहाल प्वाइंट्स टेबल पर 11 अंकों के साथ न्यूजीलैंड की टीम तीसरे नंबर पर है। अगर न्यूजीलैंड आज अपने आखिरी मैच में इंग्लैंड को हराकर सेमीफाइनल में पहुंच जाता है तो भी वह तीसरे नंबर पर ही रहेगा। यानी सेमीफाइनल में टीम इंडिया की भिड़ंत न्यूजीलैंड से होने की संभावना ज्यादा है।
पाकिस्तान या इंग्लैंड से भी हो सकता है सामना?
आज का मैच इंग्लैंड के लिए 'करो या मरो' का है। अगर वह न्यूजीलैंड को हरा देता है तो सेमीफाइनल में पहुंच कर तीसरे नंबर पर पहुंच जाएगा। ऐसे में सेमीफाइनल में टीम इंडिया की भिड़ंत इंग्लैंड से हो सकती है, लेकिन अगर किसी चमत्कार के बाद पाकिस्तान भी सेमीफाइनल में पहुंच गया तो भी वो चौथे नंबर पर ही रहेगा। ऐसे में अगर टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया की आखिरी मैच में हार से टॉप पर पहुंच जाती है तो फिर फैंस को एक बार फिर से पाकिस्तान के साथ महामुकाबला देखने को मिल सकता है।