टीम इंडिया के पूर्व स्टाइलिश बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण का मानना है कि विराट कोहली बेशक अच्छे बल्लेबाज हैं, लेकिन उन्हें कप्तान के तौर पर काफी कुछ सीखने की जरूरत है। टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाने वाली है और माना जा रहा है कि कंगारू टीम के विश्वस्तरीय गेंदबाजों के सामने भारतीय बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा होगी।
टीम इंडिया ने इस साल दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के दौरे पर टेस्ट सीरीज खेली, लेकिन वह जीत दर्ज करने में कामयाब नहीं हुई। हालांकि, विराट ब्रिगेड ने काफी अच्छी फाइट जरूर दिखाई। दक्षिण अफ्रीका दौरे पर टीम इंडिया को 1-2 से शिकस्त झेलनी पड़ी जबकि इंग्लैंड के हाथों 1-4 से मात मिली। अब टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हैं, जहां उसकी जीत की संभावनाएं प्रबल मानी जा रही है क्योंकि मेजबान टीम अपने प्रमुख खिलाड़ियों डेविड वॉर्नर और स्टीव स्मिथ के बिना मैदान संभालेगी। वॉर्नर-स्मिथ बॉल टेंपरिंग विवाद के कारण एक साल का बैन झेल रहे हैं।
3 of 5
मिचेल जॉनसन और विराट कोहली
कोहली की कप्तानी के बारे में बात करते हुए इंडिया टुडे ने लक्ष्मण के हवाले से कहा, 'विराट कोहली का प्रदर्शन अपने आप में सबकुछ कह जाता है। 2014 में एडिलेड में जब उन्होंने पहली बार कप्तानी की, तब वह जीत के लिए गए और मुझे उनकी इस सोच से काफी खुशी हुई। इससे दिखता है कि वह कितने सकारात्मक, आक्रामक और हमेशा प्रभाव छोड़ने पर विश्वास रखते हैं।'
लक्ष्मण ने साथ ही कहा कि विराट कोहली बतौर कप्तान प्रगति पर हैं और उन्हें विदेशी दौरों पर काफी कुछ सीखने को मिलेगा। उन्होंने कहा, 'कोहली का यह रवैया टीम के अन्य खिलाड़ियों के लिए बेहतर है। विदेशी दौरों पर अधिक सफलता से कोहली को बतौर कप्तान ज्यादा अनुभव हासिल होगा। मुझे लगता है कि लंबे प्रारूप में कोहली अच्छे कप्तान बन सकते हैं। उन्हें चुनौतियों का सामना करना और जिम्मेदारी लेना पसंद हैं।'
बकौल लक्ष्मण, 'मैंने कई कप्तनों को अतिरिक्त दबाव में बिखरते देखा है, लेकिन कोहली का मामला बिलकुल अलग है। जब से वह कप्तान बने हैं, उनकी बल्लेबाजी और प्रदर्शन में लगातार निखार आया है। मेरा मानना है कि कोहली अच्छे कप्तान हैं, लेकिन अभी कार्य प्रगति पर है। बता दें कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट 6 दिसंबर से एडिलेड में खेला जाएगा।'