टीम इंडिया ने एकतरफा टेस्ट मैच में शनिवार को गॉल स्टेडियम में श्रीलंका को 304 रन के विशाल अंतर से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली का मानना है कि विराट कोहली का कप्तान के रूप में अभी तक टेस्ट नहीं हुआ है और उनका असली टेस्ट आने वाले समय में होगा। बता दें कि भारतीय कप्तान विराट कोहली ने पहले टेस्ट के चौथे दिन सुबह के सत्र में अपने टेस्ट करियर का 17वां शतक जमाकर श्रीलंका के सामने 550 रन का लक्ष्य रखा।
गांगुली का कड़ा बयान, कप्तान कोहली का नहीं हुआ असली टेस्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इसके बाद भारत की स्पिन जोड़ी रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा ने अपनी फिरकी से श्रीलंकाई बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त कर दिया। असेला गुनारात्ने और कप्तान रंगना हेराथ चोट के कारण बल्लेबाजी करने के लिए नहीं उतरे। इसलिए भारत को पहला टेस्ट जीतने के लिए सिर्फ 8 विकेटों की जरुरत थी। पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने विश्वास जताया है कि मौजूदा सीरीज में भारत का दबदबा बना रहेगा। उनका मानना है कि श्रीलंकाई टीम ऐसी नहीं दिख रही है कि भारत के सामने ज्यादा चुनौती खड़ी कर सके। गांगुली ने इंडिया टुडे से बातचीत में कहा, 'भारतीय टीम बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग में संतुलित है। वहीं श्रीलंका को कई मामलों पर चिंता करने की जरुरत है।'
गांगुली ने आगे कहा, 'पिछले दो सालों में टीम इंडिया का प्रदर्शन विशेषकर घर से शानदार रहा है। अनिल कुंबले के मार्गदर्शन में भारत ने पहले वेस्टइंडीज और फिर घर में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। मुझे लगता है कि ऐसी परिस्थितियों में टीम इंडिया को चुनौती नहीं मिलेगी। कोहली ने पहला टेस्ट जीतने के बाद बिलकुल सही कहा कि वो अपने प्रदर्शन में उम्दा रहे।'
विराट कोहली की टीम की श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में विशाल जीत के बावजूद गांगुली ने कहा कि कोहली का असली टेस्ट उप-महाद्वीप के बाहर होगा। उन्होंने कहा, 'कप्तान के रूप में विराट का टेस्ट अभी तक नहीं हुआ है। श्रीलंका फिलहाल टेस्ट की मजबूत टीमों में से एक नहीं है। मेरे और फैंस तथा विराट कोहली के खुद के लिए टीम इंडिया का दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड में अच्छा प्रदर्शन होना चाहिए। उनका असली टेस्ट वही होगा।'
विराट कोहली ने 2017 में पहला टेस्ट शतक जमाया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। इस बारे में गांगुली ने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि एक सीरीज से आप बल्लेबाज के खराब प्रदर्शन का अनुमान लगाए। अगर आप वेस्टइंडीज में वन-डे सीरीज और चैंपियंस ट्रॉफी के प्रदर्शन को देखे तो समझ आ जाएंगे कि वो शानदार फॉर्म में हैं।'