पाकिस्तान की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम में जगह बनाने की कोशिश में जुटे विकेटकीपर बल्लेबाज उमर अकमल ने फिटनेस टेस्ट में फेल होने के बाद जमकर बवाल काटा है। खबरों की मानें तो उमर ने नेशनल क्रिकेट एकेडमी में हुए फिटनेस टेस्ट में फेल हो गए और इससे गुस्सा होकर उन्होंने ट्रेनर के सामने ही अपने सारे कपड़े उतार दिए। साथ ही उमर मे ट्रेनर के साथ बदतमीजी भी की। उमर अकमल की ये हरकत उनपर भारी पड़ सकती है।
टेस्ट में फेल होने के बाद उमर ने अपने कपड़े उतारकर ट्रेनर पर चिल्लाया और पूछा कि बताओ फैट कहां है? फिटनेस टेस्ट लेने वाली टीम ने उनकी शिकायत पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीब) से कर कर दी है। इस हरकत के लिए उमर पर बैन लगाया जा सकता है और अगले घरेलू सीजन से भी बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। वहीं उमर के बड़े भाई कामरान अकमल और पूर्व पाक कप्तान सलमान बट्ट भी टेस्ट में फेल हो गए हैं।
उमर अपने खराब व्यवहार की वजह से पहले भी चर्चा में रहे हैं। इससे पहले 2017 उन्हें इंग्लैंड में खेली गई चैंपियंस ट्रॉफी से वापस पाकिस्तान भेज दिया गया था। उस वक्त भी वह फिटनेस टेस्ट में फेल हुए थे और पर पाकिस्तान के तत्कालीन कोच मिकी आर्थर ने उमर पर कार्रवाई की थी।
उमर ने 2009 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना इंटरनेशनल टेस्ट डेब्यू किया था और अपने पहले ही मैच में शतक जड़ा था। बाद खराब फॉर्म और फिटनेस के कारण उन्हें टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया और उनकी जगह सरफराज अहमद को मौका मिला। उमर ने 16 टेस्ट में एक शतक और छह अर्धशतक की बदौलत 1003 रन बनाए हैं। वहीं, 121 वन-डे में 3194 रन बनाए हैं। 84 टी-20 में उन्होंने 1690 रन बनाए हैं।
मालूम हो कि उमर, कमरान और सलमान बट्ट को पीसीबी का कॉन्ट्रैक्ट नहीं मिला है और ना ही उनकी घरेलू टीम ने उनके साथ कोई करार किया है। ये तीनों खिलाड़ी बिना किसी कॉन्ट्रैक्ट के ही अपनी टीम के लिए खेल रहे हैं।