GOAT यानी ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम। ये उपलब्धि भारतीय क्रिकेट के टीम के धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली के नाम दर्ज है। क्रिकेट जगत की महान हस्तियों के रिकॉर्ड को अपनी विध्वंसक पारियों के जरिए तोड़ना उनका सबसे पसंदीदा काम है। वनडे विश्व कप 2023 के दौरान किंग कोहली ने 50वां अंतरराष्ट्रीय शतक लगाकर क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को तोड़ दिया था। इसी के साथ वह एक विश्व कप में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए।
दिल्ली के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले इस विस्फोटक बल्लेबाज ने आज ही के दिन भारत को अंडर-19 विश्व कप का खिताब जिताया था। टीम इंडिया के लिए दो मार्च का दिन काफी खास है। भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 12 रन से ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। इससे पहले टीम ने साल 2000 में मोहम्मद कैफ की कप्तानी में खिताब अपने नाम किया था।
2 of 3
अंडर-19 टीम
- फोटो : twitter
आठ साल बाद भारत ने जीता खिताब
16 साल पहले खेले गए खिताबी मुकाबले में तन्मय श्रीवास्तव की दमदार पारी के बदौलत भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 159 रन का लक्ष्य थमाया था। इस मैच में युवा कोहली ने 20 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली थी जबकि तन्मय ने 46 रन बनाए थे। खराब मौसम से प्रभावित ये मैच रोमांचक स्थिति में तब चला गया जब डीएलएस के जरिए ओवर्स में कटौती कर दी गई। दक्षिण अफ्रीका को 25 ओवर में 116 रन का लक्ष्य दिया गया। दबाव भरे इस मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने घातक प्रदर्शन किया। इस मुकाबले में भारत के गेंदबाजी आक्रमण का नेतृत्व रवींद्र जडेजा, अजितेश अर्गल और सिद्धार्थ कौल ने किया था। सात विकेट लेकर अजितेश अर्गल ने मैन ऑफ द मैच का खिताब हासिल किया था।
3 of 3
विराट कोहली
- फोटो : twitter
2008 में किया डेब्यू
भारत की इस ऐतिहासिक जीत ने विराट कोहली के करियर को नए मुकाम तक पहुंचा दिया। इस जीत के ठीक पांच महीने बाद उन्हें भारत के लिए डेब्यू का मौका मिला। 18 अगस्त, 2008 को कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ वनडे क्रिकेट में पदार्पण किया था। भारतीय टीम के लिए 292 मैच खेल चुके किंग कोहली ने अब तक क्रिकेट के इस प्रारूप में 13848 रन बनाए हैं। वह 117 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 4037 रन बना चुके हैं। इसके अलावा 113 टेस्ट मैचों में 29 शतक और 30 अर्धशतक की बदौलत उन्होंने 8848 रन बनाए हैं।