विश्व कप विजेता टीम इंडिया आज बारबाडोस से लौटने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट करने पीएम आवास पहुंची। इस दौरान टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा के साथ कोच राहुल द्रविड़ और टीम के सभी खिलाड़ी मौजूद रहे। पीएम के सभी खिलाड़ियों और ट्रॉफी के साथ तस्वीर भी खिंचवाई। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनसे चर्चा भी की। इसका वीडियो भी सामने आया है। इतना ही नहीं पीएम ने खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके परिवार वालों से भी मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने हर खिलाड़ी और उसके परिवार के साथ भी तस्वीर खिंचवाई।
प्रधानमंत्री मोदी ने खिलाड़ियों को गले भी लगाया। ऋषभ पंत ने सोशल मीडिया पर फोटो शेयर की है। इस तस्वीर में पीएम मोदी पंत को गले लगाते और उन्हें शुभकामनाएं देते दिख रहे हैं।
मोहम्मद सिराज भी प्रधानमंत्री मोदी से मिले और उनके साथ तस्वीर खिंचवाई। सिराज ने न्यूयॉर्क में तीनों मैच खेला था। हालांकि, सुपर-8 से लेकर फाइनल तक उनकी जगह एक अतिरिक्त स्पिनर को मौका दिया गया।
सूर्यकुमार यादव और उनकी पत्नी देविशा ने भी प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। सूर्या ने सोशल मीडिया पर फोटो भी शेयर की। इसमें सूर्या के साथ पीएम मोदी और देविशा नजर आ रहे हैं।
विराट ने भी प्रधानमंत्री के साथ तस्वीर साझा की है। पीएम मोदी से मिलने के बाद टीम को बुलाने के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया। विराट ने लिखा, 'आज हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर बहुत सम्मान महसूस हुआ। प्रधानमंत्री आवास पर हमें आमंत्रित करने के लिए धन्यवाद सर।'