टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच भरत अरूण का मानना है कि ऐजबस्टन की तुलना में गेंदबाजों के अधिक अनुकूल लग रही लार्ड्स की पिच पर दूसरे टेस्ट में अतिरिक्त बल्लेबाज के साथ उतरना 'संकीर्ण कदम' होगा।
टीम इंडिया ने पहला टेस्ट 31 रन से गंवा दिया और दूसरे टेस्ट क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले लार्ड्स में गुरुवार से शुरू होगा। गौरतलब है कि सीरीज के पहले मैच में भारत के खराब प्रदर्शन के बाद सुनील गावस्कर अतिरिक्त बल्लेबाज को खिलाने के सबसे बड़े हिमायती हैं।
अरूण ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, 'यहां अतिरिक्त बल्लेबाज के साथ उतरना, मैं इसे संकीर्ण कदम मानता हूं। मुझे लगता है कि सब कुछ हालात पर निर्भर करेगा और यह पहले टेस्ट जितने आसान नहीं होने वाले, यहां पांच गेंदबाज के साथ खेलना अधिक समझदारी भरा है।'
भारतीय बल्लेबाजों को स्विंग लेती गेंदों के खिलाफ जूझते देखा गया लेकिन अरूण ने उनका बचाव किया। उन्होंने कहा, 'बर्मिंघम में बल्लेबाजों ने आगे आकर खेला और अभ्यास मैच में भी उन्होंने ऐसा किया। उनका मानना है कि क्रीज में पीछे रहकर खेलने की जगह ऐसा करने से उनके पास अधिक विकल्प हैं।'
उन्होंने बल्लेबाजों के फ्रंट फुट पर आकर खेलने के संदर्भ में कहा, 'आगे और गेंद के करीब आकर आप उस स्विंग में कमी करने की कोशिश करते हैं जो गेंदबाज हासिल कर रहा है। मुझे लगता है कि इसने बल्लेबाजों के लिए काम किया है (अब तक)।'