कप्तान हरमनप्रीत कौर के लिए यह दोहरी खुशी का मौका था। भारतीय महिला टीम पहली बार टी-20 विश्व कप के फाइनल में पहुंच गई। साथ ही उनके करियर में यह पहला मौका है जब उनके माता-पिता मैच देखने के लिए पहुंचे। ग्रुप ए में शीर्ष पर रहने के कारण भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला धुल जाने के बाद भी फाइनल में प्रवेश मिल गया।
बेटी हरमन के करियर का पहला मैच देखेंगे माता-पिता, हौसला बढ़ाने पहुंचे ऑस्ट्रेलिया
दुर्भाग्य से नहीं हुआ सेमीफाइनल मैच
हरमन ने मैच के बाद बताया कि उनके माता-पिता दोनों पहली बार उनका मैच देखेंगे। उन्होंने कहा, 'मेरे डैडी तो स्कूल के दिनों में मैच देखने आते थे लेकिन मां ने कभी मुझे मैदान में क्रिकेट खेलते नहीं देखा। वो तो गुरुवार को सेमीफाइनल देखने के लिए पहुंच गए थे लेकिन दुर्भाग्य से मैच ही नहीं हुआ।' भारतीय कप्तान ने कहा कि मेरे लिए इसके बड़े मायने हैं क्योंकि मैं पहले दिन से चाहती थी कि वो मेरा मैच देखें। अब मुझे यह अवसर मिला है। वो इसके लिए इतनी दूर से आए हैं। मुझे उम्मीद है कि हमें सभी अभिभावकों का समर्थन मिलेगा। हम यह विश्व कप जीतने का प्रयास करेंगे।
हरमन को अनमोल बर्थडे गिफ्ट देना चाहेगी टीम
महिला टी-20 विश्व कप का फाइनल 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर खेला जाएगा। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर के लिए यह दिन बेहद महत्वपूर्ण है। इसी दिन वह अपना 31 वां जन्मदिन मनाने जा रही हैं। भारत पहली बार विश्व कप फाइनल में पहंचा है। ऐसे में खिलाड़ी कोई भी कसर नहीं छोड़ेंगी। खिलाड़ी चाहेंगी कि सभी मिलकर विश्व कप जीत के साथ अपने कप्तान को उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा जन्मदिन का तोहफा दें।
फाइनल का था पूरा यकीन
हरमन ने कहा कि हमें शुरू से फाइनल में पहुंचने का यकीन था क्योंकि महिला क्रिकेट को लेकर सभी की सोच काफी सकारात्मक हो गई है। स्वदेश में हमारे प्रदर्शन को लेकर काफी उत्सकुता है। सभी चाहते हैं कि हम अच्छा क्रिकेट खेलें और उम्मीद करते हैं कि हम बेहतरीन करने में सफल रहेंगे। हम अपनी ओर से कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। यदि हम जीतने में सफल रहे तो हमें स्वदेश में बहुत प्यार मिलेगा जैसा कि 2017 विश्व कप के फाइनल में मिला था।
फाइनल में करेंगे सर्वश्रेष्ठ
कप्तान ने कहा कि टीम फाइनल में सकारात्मक होकर कदम रखेगी क्योंकि अभी तक उनकी टीम ने दमदार प्रदर्शन किया है। हरमनप्रीत ने कहा, हर कोई अच्छी लय में है। शेफाली और स्मृति हमें अच्छी शुरुआत दे रही हैं। मैं और स्मृति नेट्स में ज्यादा समय बिताने की कोशिश कर रही हैं। दुर्भाग्यवश हम बड़ी पारी नहीं खेल सके लेकिन हमारी टीम की साथी अच्छा खेल रही हैं। उन्होंने कहा, 'पहला टी-20 विश्व कप फाइनल हमारे लिए काफी मायने रखता है। एक टीम के तौर पर हम फाइनल में अपनी सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलना चाहती हैं।