सैम करन (20 वर्ष, 302 दिन) इंडियन टी-20 लीग में हैट्रिक लेने वाले सबसे कम उम्र के गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने रोहित शर्मा (22 वर्ष, 6 दिन ) को पीछे छोड़ा। रोहित ने इंडियन टी-20 लीग 2009 में यह कारनाम किया था। तब वह डेक्कन चार्जर्स के लिए खेल रहे थे और विपक्षी टीम मुंबई थी।
करन इस लीग में हैट्रिक के दौरान तीनों बल्लेबाजों को डक (0) पर आउट करने वाले तीसरे खिलाड़ी हैं। उनसे पहले 2013 में अमित मिश्रा ने हैदराबाद की ओर से पुणे के खिलाफ और 2014 में प्रवीण तांबे ने राजस्थान की तरफ से खेलते हुए कोलकाता के खिलाफ यह कारनामा किया था।
पंजाब के लिए हैट्रिक लेने वाले वह चौथे खिलाड़ी हैं। उनसे पहले युवराज सिंह (vs बैंगलोर, 2009 और vs डेक्कन चार्जर्स, 2009) और अक्षर पटेल (vs गुजरात, 2016) ने फ्रैंचाइजी के लिए हैट्रिक लेने का कारनामा कया था।
बता दें कि सैम करन के इस कमाल के बूते ही पंजाब सोमवार रात खेले गए मुकाबले में दिल्ली को हरा पाया। चार मैचों में ये पंजाब की टीम की तीसरी जीत है। करन ने 2.2 ओवर में 11 रन देकर 4 विकेट लिए। इस दौरान उन्होंने हैट्रिक चटकाई। एक समय दिल्ली का स्कोर 143/3 था और उसके बाद पूरी टीम 152 रनों पर सिमट गई।
दरअसल, आखिरी ओवर में दिल्ली को जीत के लिए 15 रनों की दरकार थी। ऐसे में पंजाब के कप्तान अश्विन ने आखिरी ओवर में सैम करन से कराई। अपनी पहली ही गेंद पर सैम ने कागिसो रबाडा को बेहतरीन यॉर्कर पर बोल्ड किया। अगली गेंद संदीप लामिछाने को फिर से यॉर्कर पर बोल्ड कर पंजाब को 14 रन से यादगार जीत दिला दी।