तिरुवनंतपुरम में गुरुवार को खेले गए पांचवें व आखिरी वन-डे में 'हिटमैन' रोहित शर्मा ने छक्कों का 'दोहरा शतक' जड़कर टीम इंडिया को शानदार जीत दिलाई। रोहित ने आखिरी वन-डे में 56 गेंदों पर 5 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 63 रन का नाबाद पारी खेली। इस दौरान उन्होंने कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए। आइए जानते वो कौन से रिकॉर्ड्सः-
'हिटमैन' ने गुरुवार को सीरीज के आखिरी वन-डे में जैसे ही अपने बल्ले से दूसरा छक्का ठोका। इसके साथ ही वह वन-डे क्रिकेट में सिक्सर्स की डबल सेंचुरी पूरी करने वाले खिलाड़ियों के स्पेशल क्लब में शामिल हो गए। रोहित से आगे सिर्फ 218 छक्कों के साथ सिर्फ एमएस धोनी ही हैं।
इस दौरान रोहित शर्मा ने एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। उन्होंने सबसे कम पारियों में 200 छक्के जड़ने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। रोहित ने 193वें वनडे की 187वीं पारी में ये उपलब्धि हासिल की। इससे पहले ये रिकॉर्ड पाकिस्तान के धाकड़ बल्लेबाज शाहिद अफरीदी के नाम दर्ज था। अफरीदी ने 195 पारियों में छक्कों का दोहरा शतक पूरा किया था।
रोहित शर्मा वनडे में छक्कों का दोहरा शतक जड़ने वाले दुनिया के सातवें बल्लेबाज बन चुके हैं। वन-डे में सर्वाधिक छक्के जड़ने का रिकॉर्ड पाकिस्तानी बल्लेबाज शाहिद अफरीदी के नाम दर्ज है, उन्होंने वनडे करियर में कुल 351 छक्के जड़े। वह वनडे में छक्कों का तिहरा शतक जड़ने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं।
टीम इंडिया ने तिरुवनंतपुरम में खेले गए पांचवें व आखिरी वन-डे में वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हराकर लगातार छठी घरेलू सीरीज अपने नाम की। बता दें कि यह गेंदों के लिहाज से भारत की दूसरी सबसे बड़ी जीत भी है।