पाकिस्तान सुपर 2024 अंजाम तक पहुंचने वाला है। प्लेऑफ के मुकाबले जारी हैं, जिसमें मोहम्मद रिजवान की कप्तानी वाली टीम मुल्तान सुल्तान्स फाइनल में पहुंच चुकी है। वहीं, राइली रूसो की कप्तानी वाली क्वेटा ग्लैडिएटर्स को शुक्रवार को एलिमिनेटर-1 में हार का सामना करना पड़ा। इस्लामाबाद यूनाइटेड ने क्वेटा को हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। क्वेटा की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन, लेकिन उनके साथ अब एक विवाद भी जुड़ गया है। दरअसल, 12 मार्च को पीएसएल के लीग स्टेज के दौरान 30वें मैच में मुल्तान का सामना क्वेटा से हुआ था। उस मैच में काफी लड़ाई देखने को मिली थी। क्वेटा से खेलने वाले जेसन रॉय कि भिड़ंत मुल्तान के इफ्तिखार अहमद से हो गई थी। हालांकि, बाकी खिलाड़ियों ने बीच बचाव करते हुए मामले को संभाल लिया। अब इस पर पूर्व क्रिकेटर वसीम अकरम की प्रतिक्रिया सामने आई है।
2 of 5
पीएसएल 2024
- फोटो : Social Media
दरअसल, उस मैच में मुल्तान सुल्तान्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 185 रन बनाए थे। जवाब में जब क्वेटा की टीम बल्लेबाजी के लिए आई तो ओपनिंग के लिए जेसन रॉय और सऊद शकील उतरे। क्वेटा की पारी के दौरान तीसरे ओवर में डेविड विली की गेंद पर रॉय एल्बीडब्ल्यू आउट हो गए। इसके बाद जैसे ही वह शकील से बात करने और रिव्यू के बारे में सोचने के लिए आगे बढ़ने लगे, उनकी भिड़ंत इफ्तिखार से हो गई। दोनों के बीच काफी तूतू-मैंमैं देखने को मिला। इसके बाद रिजवान समेत बाकी खिलाड़ियों ने बीच बचाव करते हुए दोनों को अलग किया। इस लड़ाई के चक्कर में जेसन रिव्यू भी नहीं ले सके और उन्हें गुस्से में डग आउट में बैट और हेलमेट भी पटकते देखा गया। क्वेटा की टीम 15.5 ओवर में 106 रन पर सिमट गई थी।
3 of 5
पीएसएल 2024
- फोटो : Social Media
सोशल मीडिया पर 'बाबरफाइड' नाम के एकाउंट से इसका वीडियो शेयर किया गया है। उसके कैप्शन में लिखा है- इफ्तिखार चाचू और जेसन रॉय के बीच गहमा-गहमी। रॉय और इफ्तिखार के बीच वाकयुद्ध पर प्रतिक्रिया देते हुए पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने इंग्लैंड के बल्लेबाज को उनके बेकार गुस्से के लिए फटकार लगाई। अकरम ने कहा कि रॉय को यह नहीं भूलना चाहिए कि वह पाकिस्तान में खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड के इस सलामी बल्लेबाज को इस तरह के झगड़े में खुद को शामिल करने की आदत है।
4 of 5
पीएसएल 2024
- फोटो : Social Media
अकरम ने कहा, 'रॉय बस अनावश्यक रूप से गुस्सा हो जाता है। जेसन रॉय को पता होना चाहिए कि वह पाकिस्तान में है। उन्हें हमारे खिलाड़ियों और हमारी संस्कृति का सम्मान करना होगा। आउट होने के बाद वह नाराज क्यों थे? यह उनकी अपनी गलती थी और उसका गुस्सा बेकार था। वह नियमित रूप से ऐसा करते हैं।' इस बीच रॉय ने हाल में निजी कारणों से खुद को आईपीएल के आगामी सत्र से बाहर कर लिया है। रॉय पिछले सत्र से पहले केकेआर से जुड़े थे। उन्हें बांग्लादेश के आलराउंडर शाकिब अल हसन की जगह टीम में शामिल किया गया था।
5 of 5
पीएसएल 2024
- फोटो : Social Media
अब इस सीजन उनके रिप्लेसमेंट के रूप में केकेआर ने इंग्लैंड के ही विस्फोटक बल्लेबाज फिल सॉल्ट को शामिल किया है। सॉल्ट को ऑक्शन से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने रिलीज किया था। हालांकि, उन्हें नीलामी में कोई टीम नहीं मिली थी। यह आईपीएल में सॉल्ट का दूसरा सीजन होगा। केकेआर ने सॉल्ट को 1.5 करोड़ रुपए में साइन किया है। इंग्लैंड के इस आक्रामक विकेटकीपर बल्लेबाज ने पिछले साल दिसंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार दो टी20 शतक जड़े थे। त्रिनिदाद में चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय में उनका 48 गेंद में लगाया गया शतक इंग्लैंड के लिये संयुक्त रूप से सबसे तेज शतक है।