वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले महीने धमाकेदार टेस्ट डेब्यू करने वाले युवा ओपनर पृथ्वी शॉ कोहनी की चोट से उबर गए और उन्होंने दोबारा ट्रेनिंग भी शुरू कर दी है। शॉ को हाल ही में संपन्न देवधर ट्रॉफी में कोहनी में चोट लगी थी। युवा बल्लेबाज को आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाना है। इसकी तैयारियां उन्हें महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने कराई।
सूत्रों के मुताबिक, शॉ ने मुंबई के एमआईजी क्लब में मंगलवार को करीब एक घंटे बल्लेबाजी का अभ्यास किया। उन्होंने रबर की गेंद से अभ्यास किया। सूत्र ने बताया, 'सचिन तेंदुलकर, प्रशांत शेट्टी और जगदीश चव्हाण ने शॉ को करीब एक घंटे तक थ्रो-डाउन का अभ्यास कराया। '
तेंदुलकर और चव्हाण ने टारपॉलिन पर गीली रबर गेंद से थ्रो-डाउन कराया ताकि युवा बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया दौरे की अच्छे से तैयारी कर सके। पृथ्वी के कारण तेंदुलकर एक घंटे जल्दी एमआईजी पहुंचे। पता हो कि मास्टर ब्लास्टर एमआईजी में तेंदुलकर मिडिलसेक्स ग्लोबल एकेडमी चला रहे हैं।
सूत्र ने आगे बताया, 'तेंदुलकर ने शॉ को ऑस्ट्रेलिया में बल्लेबाजी करने के कुछ टिप्स भी दिए। शॉ ने सोमवार को रबर गेंद से बल्लेबाजी का अभ्यास किया। वह दिवाली के दिन यानी बुधवार को भी अभ्यास करने पहुंचे।'
चोट के कारण शॉ मुंबई के लिए रणजी ट्रॉफी मैच नहीं खेल सके थे। 18 वर्षीय शॉ को देवधर ट्रॉफी में दीपक चहर की शॉर्ट गेंद पर कोहनी में चोट लगी थी। इससे पहले दूसरे टेस्ट में इसी जगह पर विंडीज तेज गेंदबाज की गेंद भी शॉ को लगी थी। पृथ्वी शॉ अगले कुछ दिनों भारत ए के साथ न्यूजीलैंड दौरे पर जाएंगे। इसके बाद वह ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व करते दिखेंगे।