भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने वेस्टइंडीज के खिलाफ गुरुवार से राजकोट में शुरू होने वाले पहले टेस्ट के लिए 12 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट से एक दिन पहले ही टीम इंडिया ने बता दिया कि उसकी अंतिम एकादश क्या होगी।
टेस्ट के दिन टीम इंडिया को सिर्फ तीसरे स्पिनर या तेज गेंदबाज में से किसी एक को शामिल करने पर अंतिम फैसला लेना होगा। भारत इस सोच में है कि कुलदीप यादव के रूप में टीम में तीसरा स्पिनर जोड़ा जाए या फिर तेज गेंदबाज को शामिल किया जाए। अगर विराट ने तेज गेंदबाज को मौका देने की ठानी तो शार्दुल ठाकुर डेब्यू कर सकते हैं।
जहां ठाकुर के खेलने पर संदेह की स्थिति बनी हुई है, वहीं यह तय हो चुका है कि पृथ्वी शॉ भारत के 293वें क्रिकेटर होंगे। 18 वर्षीय बल्लेबाज ने पिछले कुछ समय में बेहतरीन प्रदर्शन करके चयनकर्ताओं को काफी प्रभावित किया है और अब वह टेस्ट में डेब्यू करने वाले हैं।
शॉ ने अपने नेतृत्व में भारत को अंडर-19 विश्व कप चैंपियन बनाया। इसके बाद पिछले साल उन्होंने रणजी ट्रॉफी करियर की शुरुआत सेमीफाइनल मैच की चौथी पारी में शतक जमाकर की। शॉ ने अब तक सिर्फ 14 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं और इसमें शानदार प्रदर्शन करके वह टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने की दहलीज पर खड़े हैं।
शॉ ने 56.72 की औसत से 1418 रन बनाए और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 76.69 का रहा। शॉ के डेब्यू की मुहर से एक और धाकड़ बल्लेबाज मयंक अगरवाल का इंतजार बढ़ गया है। शॉ को अगरवाल पर तरजीह इसलिए मिली है क्योंकि उन्हें इंग्लैंड दौरे पर अंतिम दो टेस्ट के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया था।