गत चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स ने चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में फैंस के सामने अभ्यास किया। उम्मीद के मुताबिक सबसे ज्यादा चीयरिंग कप्तान एमएस धोनी के लिए हुई, जिनका मैदान पर तालियों और गूंज के साथ स्वागत हुआ।
बीच मैदान धोनी ने लिए फैन के मजे, भागा-दौड़ी का यह वीडियो जीत लेगा आपका भी दिल
हालांकि, सबसे आश्चर्य की बात रही कि एक फैन ने सुरक्षा सीमा पार करते हुए मैदान में दौड़ लगाई और कप्तान धोनी से मिलने की चाहत जताई। धोनी भी मस्ती के मामले में कहां पीछे रहते हैं। उन्होंने फैन को देखते ही मैदान पर दौड़ लगाना शुरू कर दिया और लक्ष्मीपति बालाजी के ईर्द-गिर्द दौड़ने लगे। सुरक्षाकर्मी इस बीच मैदान पर आ गया और फैन को पकड़ लिया।
फिर हमेशा की तरह धोनी ने अपनी दरियादिली दिखाई और मुस्कुराते हुए फैन से हाथ मिलाया व उसे बाहर जाने दिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर सुपरहिट हो चुका है। बता दें कि धोनी आईपीएल 12 में चेन्नई सुपरकिंग्स का नेतृत्व करेंगे। उनकी बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग पर बारीकी से नजर रखी जाएगी क्योंकि 2019 विश्व कप के लिए वह टीम इंडिया की पहली पसंद हैं।
Catch Me If You Fan #AnbuDen Version! #SuperPricelessThala @msdhoni and the smiling assassin @Lbalaji55! #WhistlePodu 🦁💛 pic.twitter.com/xvqaRKp9kB
टीम इंडिया के कोच रवि शास्त्री ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा था, 'मेरे ख्याल से विराट वन-डे क्रिकेट में एमएस धोनी पर काफी निर्भर हैं, जो अच्छी फील्डिंग सजाते हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतिम दो मैचों में उसे धोनी की इस मामले में काफी कमी खली। अगर आप आखिरी के 10 से 15 ओवर पर ध्यान दें तो पाएंगे कि कप्तान कोहली बाउंड्री लाइन पर खड़े होते हैं।'
उन्होंने आगे कहा, 'विराट बाउंड्री लाइन पर होते हैं और विकेट के पीछे से धोनी फील्ड सजाने में उनकी काफी मदद करते हैं। इसलिए यह कहना गलत नहीं कि विराट वन-डे क्रिकेट में बहुत हद तक एमएस धोनी पर निर्भर रहते हैं।'