आईपीएल में दो साल बाद वापसी करने वाली चेन्नई सुपरकिंग्स सीजन-11 जीतने के लिए कड़ी रणनीतियां तैयार कर रही हैं। ऐसी ही एक रणनीति के तहत सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ऊपरी क्रम में बल्लेबाजी करने आ सकते हैं।
टीम के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग का कहना है कि इस सीजन में धोनी शीर्ष क्रम में बल्लेबाजी करेंगे। हालांकि परिस्थितियों के हिसाब से ही धोनी को बल्लेबाजी के लिए प्रमोट किया जाएगा। स्टीफन फ्लेमिंग का कहना है कि एमएस धोनी एक बेहतरीन बल्लेबाज है।
परिस्थितियों के हिसाब से उनका बल्लेबाजी करना ठीक है, लेकिन उन्हें ऊपर प्रमोट कर टीम को ज्यादा फायदा मिल सकता है। उन्होंने कहा, 'हमने केदार जाधव, अंबाती रायडू, रविंद्र जडेजा और ड्वेन ब्रावो जैसे खिलाड़ियों को चुना है, इसलिए हम मध्यक्रम को लेकर प्लान बना सकते हैं।'
टीम की गेंदबाजी के बारे में बताते हुए फ्लेमिंग ने कहा, 'सीएसके के पास कई ऐसे प्रतिभाशाली गेंदबाज हैं, जो किसी भी वक्त मैच का रुख पलटने का दम रकते हैं। मार्क वुड और लुंगी एन्गिडी के पास अच्छी रफ्तार के साथ बेहतरीन उछाल है, जो विपक्षी टीम के बल्लेबाजों को मुसीबत में खड़ा कर सकते हैं। इसके अलावा शेन वॉटनस जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी गेंदबाजी की कमान संभालने में मदद करेंगे।'
वहीं टीम इंडिया के युवा गेंदबाज शार्दुल ठाकुर की प्रशंसा करते हुए फ्लेमिंग ने कहा कि डेथ ओवर्स में टीम को उनका काफी फायदा होगा। उन्होंने बताया कि जब वह पुणे सुपरजाइंट्स के कोच थे तब शार्दुल ठाकुर भी इसी टीम में थे। इस दौरान शार्दुल ठाकुर की गेंदबाजी से स्टीफन फ्लेमिंग काफी प्रभावित थे।