टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट को मिलाकर अपने 800 शिकार पूरे कर लिए हैं। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ शुक्रवार खेले गए एशिया कप 2018 के फाइनल में मशरफे मुर्तजा को स्टंप्स आउट कर यह कारनामा किया।
दिग्गजों के स्पेशल क्लब में शामिल हुए 'माही', इस खिलाड़ी को आउट कर पूरा किया 800वां शिकार
धोनी ने 90 टेस्ट मैचों में 294, वन-डे (327) में 419 और टी-20 (93) में 87 शिकार किए हैं। एम एस से आगे दक्षिण अफ्रीका के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज मार्क बाउचर (998) और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर व सलामी बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट (905) हैं।
वहीं, एशिया कप में सबसे ज्यादा शिकार करने के मामले में भी धोनी ने श्रीलंका के कुमार संगकार की बराबरी कर ली है। दोनों ने 36-36 शिकार किए हैं। उनके बाद तीसरे नंबर पर पाकिस्तान के मोईन खान हैं। उन्होंने एशिया कप में 17 शिकार किए हैं।
गौरतलब है कि स्टंपिंग करने के मामले में एमएस धोनी सबसे आगे हैं। उन्होंने 510 इंटरनेशनल मैचों में 184 शिकार स्टंप से किए हैं। उनके बाद कुमार संगकारा का नाम है, जिन्होंने 594 मैचों में 139 शिकार स्टंप से किए हैं। वहीं, तीसरे नंबर पर श्रीलंका के ही रोमेश कालूवितरणा हैं, उन्होंने 238 मैचों में 101 बार स्टंपिंग की है। इसके अलावा धोनी ने तीनों फॉर्मेट में कुल 616 कैच ले चुके हैं। धोनी टेस्ट में 256, वनडे में 306 और टी-20 में 54 कैच ले चुके हैं।
बता दें कि टीम इंडिया ने शुक्रवार को बांग्लादेश को हराकर एशिया कप 2018 का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल में टीम भारत ने बांग्लादेश को 3 विकेट से हराकर सातवीं बार एशिया कप का चैंपियन बना। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश ने निर्धारित 50 ओवरों में 222 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में टीम इंडिया ने 7 विकेट खोकर आखिरी ओवर की आखिरी गेंद पर मैच अपने नाम किया।