आईपीएल के मैच के दौरान एक महिला से छेड़खानी का मामला सामने आया है। मामला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम का है, जहां शनिवार रात खेले गए मुंबई इंडियंस और दिल्ली डेयरडेविल्स के बीच मैच के दौरान कथित रूप से यह घटना घटी। मामले में तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
26 वर्षीय आरोपी का नाम गेंदराज सतनामी है। पुलिस ने उसे आज लोकल मेजिस्ट्रेट के सामने पेश किया, जहां से अदालत ने आरोपी को दो दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक आरोपी वानखेड़े स्टेडियम में एक कॉन्ट्रैक्टर के पास काम करता था।
पीड़िता के मुताबिक घटना के वक्त वहां कोई नहीं था, जिसका फायदा उठाने की फिराक में पहले तो गेंदराज ने आपत्तिजनक कमेंट किया। इसके पहले आरोपी और आगे बढ़ पाता पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि पूरी घटना स्टेडियम के बाहर हुई। मगर घटनास्थल वानखेड़े परिसर के अंदर ही है।
बता दें कि शनिवार को खेले गए इस मैच में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 194 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जिसके जवाब में जेसन रॉय के तूफानी 53 गेंद पर 91 रन की बदौलत दिल्ली डेयरडेविल्स ने ये मैच अपने नाम किया था।