आईपीएल में रविवार को नीलामी के दूसरे दिन किंग्स इलेवन पंजाब ने कश्मीर के धाकड़ बल्लेबाज मंजूर दार को अपनी टीम में शामिल किया। किंग्स इलेवन पंजाब की तरफ से बोली लगाते हुए प्रीति जिंटा और वीरेंद्र सहवाग ने मंजूर को 20 लाख रुपये में खरीदा।
लंबे कद के इस शक्तिशाली खिलाड़ी की तुलना महाभारत के भीम से की जाती है और इनके साथी खिलाड़ी इन्हें 'पांडव' कहकर बुलाते हैं। हाल ही में हुए मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट में जम्मू और कश्मीर के लिए खेलते हुए इन्होंने अपनी पावर हिंटिंग से गेंदबाजों पर तूफानी हमला बोला था।
इस खिलाड़ी को एक और नाम 'मिस्टर 100 मीटर सिक्सर' के नाम से भी बुलाया जाता है। मंजूर के कोच अब्दुल कयूम ने बताया कि पिछले साल पंजाब के साथ हुए एक मैच में मंजूर ने गेंदबाजों की जमकर बखियां उधेड़ी थीं। इस दौरान मंजूर ने बल्ले से गेंद पर जबर्दस्त प्रहार करते हुए कई लंबे-लंबे छक्के लगाए। ये सभी छक्के 100 मीटर से भी ज्यादा लंबे थे, इसलिए टीम के खिलाड़ी उन्हें 'मिस्टर 100 मीटर सिक्सर' के नाम से बुलाने लगे।
दिलचस्प बात यह है कि मंजूर बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखते हैं। इनके पिता एक साधारण मजदूर हैं। इतना ही नहीं, अपने घर की खराब आर्थिक स्थिति को देखते हुए वह रात को सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी भी करते हैं। इसके बाद जो भी थोड़ा बहुत समय मिल पाता है, उसमें क्रिकेट की प्रैक्टिस करते हैं।
कश्मीरी क्रिकेटर मंजूर दार 6 फुट 2 इंच के हैं और इनका वजन 84 किलोग्राम है। इनके कोच का कहना है कि यह खिलाड़ी 12 से 15 गेंदों में ही खेल के नतीजे को बदलने का दम रखता है।