मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज केदार जाधव को वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी पांच मैचों की सीरीज के अंतिम दो वन-डे (चौथे और पांचवें) के लिए टीम इंडिया में शामिल किया गया है। भारतीय चयनकर्ता उनकी फिटनेस से संतुष्ट हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के कार्यकारी सचिव अमिताभ चौधरी ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा, जाधव ने अपनी फिटनेस साबित की, जिसकी वजह से उन्हें चौथे और पांचवें वन-डे के लिए टीम में शामिल किया गया है।
बता दें कि कैरेबियाई टीम के खिलाफ अंतिम तीन वन-डे के लिए घोषित 15 सदस्यीय टीम में जाधव का नाम नहीं शामिल था। इसके बाद हैरान जाधव ने कहा, 'मुझे नहीं पता कि आखिर क्यों नहीं चुना गया। मैंने सभी टेस्ट पास किए और यही वजह है कि आज मैच खेला। याद हो कि देवधर ट्रॉफी के मैच के बाद जाधव ने यह बयान दिया था।'
3 of 5
एमएसके प्रसाद
- फोटो : crictracker
भारत के प्रमुख चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने कहा था, 'जाधव चोट से उबरकर लौटे, जिसकी वजह से हमने उनसे पूछा कि देवधर ट्रॉफी खेलेंगे। हम उम्मीद कर रहे थे कि उनकी टीम फाइनल खेलेगी, जिसकी वजह से तीसरे वन-डे के लिए उन्हें शामिल नहीं किया गया। चौथे और पांचवें वन-डे के लिए वह टीम इंडिया का हिस्सा हैं।'
एशिया कप फाइनल के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट के कारण जाधव विंडीज के खिलाफ पहले दो वन-डे से बाहर रहे। जल्द ही उन्होंने देवधर ट्रॉफी में भारत ए की तरफ से खेलकर क्रिकेट में वापसी की। जब वेस्टइंडीज के खिलाफ अंतिम तीन वन-डे के लिए टीम इंडिया का एलान किया गया, तब जाधव भारत ए की तरफ से मैच खेल रहे थे।
जाधव ने रिहैब से लौटने के बाद अपने पहले ही मैच में 25 गेंदों में नाबाद 41 रन की तेजतर्रार पारी खेली। यह पारी उन्होंने भारत सी के खिलाफ खेली। हालांकि, उनकी टीम मैच नहीं जीत सकी और यही वजह है कि वह देवधर ट्रॉफी के फाइनल में जगह बनाने से चूक गई।